केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपने 14 उम्मीदवारों के नाम की घोषण कर दी है। पार्टी की तरफ से जारी लिस्ट में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री नारायणसामी के नाम को शामिल नहीं किया गया है। पुदुचेरी कांग्रेस के प्रभारी दिनेश गुंडु राव ने कहा कि पूर्व मुख्यंमत्री इस बार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। वो चुनाव प्रचार और चुनाव प्रबंधन का कार्य देखेंगे।

पुदुचेरी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी 15 सीटों पर चुनाव लड़ रही है वहीं उसके सहयोगी दल डीएमके 13 और सीपीआई तथा सीपीआईएम 1-1 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। राज्य में विधानसभा की कुल 30 सीटें हैं। बताते चलें कि हाल ही में कांग्रेस नेतृत्व वाली सरकार अपने कार्यकाल को पूरा करने में असफल रही थी। कई विधायकों के त्यागपत्र दे देने के कारण नारायणसामी की सरकार अल्पमत में आ गयी थी।

गौरतलब है कि इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री ई वल्साराज ने भी आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का फैसला लिया था। उन्होंने कहा था कि वो युवाओं को मौका देना चाहते हैं। उन्होंने कहा था कि वो कांग्रेस पार्टी में बने रहेंगे। वल्साराज ने कहा था कि उन्होंने अपने फैसले से हाई कमान को अवगत करा दिया है।

पुदुचेरी प्रदेश कांग्रेस समिति के उपाध्यक्ष ने कहा था कि मैं चाहता हूं कि युवा आगे आएं और इसलिए चुनावी लड़ाई से अपने आप को अलग कर लिया हूं। वल्साराज 1990 से लेकर 2016 तक लगातार चुनाव जीतते रहे थे।

पुदुचेरी में एक ही चरण में सभी 30 सीटों के लिए 6 अप्रैल को मतदान होने हैं। नतीजे 2 मई को आने वाले हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने 15 सीटों पर जीत दर्ज की थी। अखिल भारतीय एनआर कांग्रेस कांग्रेस को 8 सीट, एआईएडीएमके को 4 सीट और डीएमके को 2 सीटों पर सफलता मिली थी। 2016 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को किसी भी सीट पर जीत नहीं मिली थी।