सिनेमा थियेटर्स में शुक्रवार को रिलीज हुई दो बड़ी फिल्मों ‘बाजीराव मस्तानी’ और ‘दिलवाले’ के खिलाफ देश में कई जगह प्रदर्शन हुए हैं। पुणे में ‘बाजीराव मस्तानी’ के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के कारण एक मल्टीप्लेक्स को मजबूरन फिल्म के सभी शो रद्द करने पड़े। पेशवा शासकों के काल के ऐतिहासिक तथ्यों को कथित तौर पर ‘तोड़ मरोड़’ कर दिखाए जाने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शनकारी शुक्रवार सुबह पुणे की ‘सिटी प्राइड’ सिनेमा के सामने जमा हो गए और नारे लगाने लगे। इसके कारण सिनेमाघर के प्रबंधन को फिल्म की स्क्रीनिंग रद्द करनी पड़ी। उधर, देश में असहिष्णुता बढ़ने से जुड़े शाहरुख खान के कथित बयान से नाराज विश्व हिंदू परिषद् और बजरंग दल समेत कई दक्षिणपंथी संगठनों ने फिल्म ‘दिलवाले’ के खिलाफ कई राज्यों में प्रदर्शन किया।
दिलवाले के खिलाफ कई राज्यों में प्रदर्शन
भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के सदस्यों ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश के जबलपुर में ‘दिलवाले’ के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने फिल्म के पोस्टर जलाए, जिसके बाद जबलपुर के एक मल्टीप्लेक्स में शाहरुख और काजोल स्टारर इस फिल्म के शो रद्द कर दिए गए। इंदौर में फिल्म के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस के लाठीचार्ज करने की खबर है। वहीं, शुक्रवार को ही फिल्म के खिलाफ छत्तीसगढ़ के भिलाई में प्रदर्शन हुए। यहां एक सिनेमा हॉल में कथित तौर पर तोड़फोड़ की गई। इसके अलावा, अहमदाबाद में भी एक शो कैंसल होने की खबर है। बता दें कि बीते कई दिन से राजस्थान में ‘दिलवाले’ के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं। गुरुवार को भीलवाड़ा में बजरंग दल के दो कथित सदस्यों ने फिल्म की रिलीज के विरोध में टावर पर चढ़कर प्रदर्शन किया। बुधवार को विहिप और बजरंग दल के सदस्यों ने चित्तौरगढ़ में स्थानीय प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा। इसके अलावा, इलाहाबाद में भी गुरुवार को फिल्म के खिलाफ प्रदर्शन हुए। बता दें कि अपने बयान पर बवाल होने के बाद शाहरुख माफी मांग चुके हैं।
क्या है ‘बाजीराव मस्तानी’ का विवाद
फिल्म में एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने बाजीराव की पत्नी काशीबाई का किरदार निभाया है। काशीबाई के चित्रण को कथित तौर पर ‘तोड़ मरोड़कर’ पेश किए जाने और इस प्रसिद्ध हस्ती की गरिमा कम करने का आरोप लगाते हुए कई हलकों में इसकी निंदा की गई है। ‘बाजीराव मस्तानी’’ एक ऐतिहासिक प्रेम कहानी पर आधारित फिल्म है, जिसके निर्माता और निर्देशक भंसाली हैं। फिल्म में मराठा योद्धा पेशवा बाजीराव और उनकी दूसरी पत्नी मस्तानी की कहानी बताई गई है। रणवीर सिंह ने बाजीराव और दीपिका पादुकोण ने मस्तानी का किरदार निभाया है, वहीं प्रियंका चोपड़ा बाजीराव की पहली पत्नी के किरदार में दिखी हैं। बाजीराव के एक वंशज द्वारा फिल्म में पेशवा और उनकी पत्नियों काशीबाई और मस्तानी के किरदार के चित्रण और ऐेतिहासिक तथ्यों में हेरफेर किए जाने का आरोप लगाने के कारण फिल्म रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई थी।
BJP Yuva Morcha protest against the release of film ‘Bajirao Mastani’ in Pune (Maharashtra) pic.twitter.com/w1UhktzxQ2
— ANI (@ANI_news) December 18, 2015
BJP Yuva Morcha protest against release of film ‘Dilwale’ in Jabalpur (Madhya Pradesh) pic.twitter.com/o7Njcale5J — ANI (@ANI_news) December 18, 2015
READ ALSO:
बाजीराव मस्तानी के प्रीमियर की तस्वीरें

दिलवाले से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
बाजीराव मस्तानी से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें