PM Narendra Modi Birthday Celebrations Updates: पीएम नरेंद्र मोदी का आज (17 सितंबर) 69वां जन्मदिन है। इस दौरान वह गुजरात में सरदार सरोवर डैम का दौरा करने पहुंचे और पूजा-अर्चना की। साथ ही, उन्होंने रिक्शा में बैठकर जंगल सफारी का आनंद भी लिया। वहीं, बटरफ्लाई पार्क में तितलियां उड़ाईं। गुजरात की केवडिया कॉलोनी में लोगों को संबोधित करने के बाद पीएम मोदी अपनी मां का आशीर्वाद लेने पहुंच गए। इस दौरान राहुल गांधी ने भी उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है।
अधिकारियों के मुताबिक, इस दौरान 100 से अधिक पुजारी नर्मदा नदी पर पूजा-अर्चना करेंगे। वहीं, पीएम मोदी नदी में नारियल व चुनरी चढ़ाएंगे। मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर में हुआ था। आजादी के बाद से केंद्र में सबसे बड़ी गैर-कांग्रेसी सरकार बनाने का श्रेय मोदी को जाता है। 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने अकेले दम पर 303 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस पार्टी महज 52 सीटों पर सिमट गई।


Gujarat: Prime Minister Narendra Modi meets his mother Heeraben Modi at her residence, in Gandhinagar. Today is PM Modi's 69th birthday. pic.twitter.com/vT8X46DfdK— ANI (@ANI) September 17, 2019
पश्चिम बंगाल के स्कूलों में भी पीएम मोदी का 69वां जन्मदिन मनाया गया। इस दौरान एक स्कूल के बच्चों ने अलग ही अंदाज में तैयारियां कीं। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद सभी बच्चों ने पीएम मोदी की अलग-अलग तस्वीरों के मास्क लगा रखे थे। साथ ही, उन्होंने केक भी काटा।
बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मंगलवार को उनके जन्मदिन पर बधाई देते हुये उनकी दीर्घायु की कामना की। बसपा नेता ने ट्वीट किया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को उनके 69वें जन्मदिन के शुभ अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं तथा उनके दीर्घायु होने की कुदरत से प्रार्थना।''''
नर्मदा नदी पर बने सरदार सरोवर बांध के उच्चतम स्तर 138.68 मीटर तक पानी भर जाने के अवसर पर गुजरात सरकार ‘नमामि नर्मदा’ समारोह का आयोजन कर रही है। इसी में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री मंगलवार सुबह केवडिया पहुंचे। वर्ष 2017 में जलाशय की ऊंचाई बढ़ाई गई थी। उसके बाद यह पहली बार है, जब रविवार शाम बांध में पानी इसके उच्चतम स्तर 138.68 मीटर तक पहुंचा। नर्मदा नदी में आए पानी के ‘स्वागत’ में प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री विजय रूपाणी बांध स्थल पर पूजा करेंगे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं देते हुए कहा, ‘‘उनके दूरदर्शी नेतृत्व ने भारत को प्रतिष्ठा की नई ऊंचाइयों पर ले जाने में मदद की। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करता हूं।’’ मोदी का दिन आज बहुत व्यस्त है और वह अधिकतर समय गुजरात में रहेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार सरोवर डैम पर पूजा-अर्चना की।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी और उनके स्वस्थ, खुशहाल और दीर्घायु होने की कामना की। सोनिया ने अपने बधाई संदेश में कहा कि वह प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देती हैं और उनके स्वस्थ, खुशहाल और दीर्घायु होने की कामना करती हैं। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को 69 वर्ष के हो गए। इस मौके पर अलग अलग क्षेत्रों के नामचीन लोगों ने उन्हें बधाई दी।
अमित शाह ने पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, ‘‘ आपके नेतृत्व में उभरते नए भारत ने विश्व में एक मजबूत, सुरक्षित और विश्वसनीय राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बनाई है। हर भारतीय के जीवन को सुगम बनाने के लिए आपका परिश्रम एवं संकल्प भाव हमारे लिए एक प्रेरणास्त्रोत है। एक जनप्रतिनिधि, एक कार्यकर्ता और एक देशवासी के रूप में आपके साथ राष्ट्रीय पुनर्निर्माण में भागीदार बनना सौभाग्य की बात है। ईश्वर से आपके स्वस्थ जीवन एवं दीर्घायु की कामना करता हूं।’’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को 69 वर्ष के हो गए और इस अवसर पर उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बीजेपी अध्यक्ष व गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। नायडू ने अपने संदेश में कहा कि मोदी के सक्षम नेतृत्व में देश लगातार प्रगति कर रहा है।
पीएम मोदी ने अपने जन्मदिन पर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी भी देखा। इस दौरान उन्होंने अपने ऑफिशियल हैंडल से ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, ‘‘कुछ ही देर पहले केवडिया पहुंचा। विशालकाय स्टैच्यू ऑफ यूनिटी को देखिए। देश महान सरदार पटेल को श्रद्धांजलि देता है।’’
पीएम मोदी के 69वें बर्थडे पर भोपाल में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने 69 फीट लंबा केक काटा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर खुशी जाहिर की।
पीएम मोदी के बर्थडे के मौके पर वाराणसी में उनके एक फैन अरविंद सिंह ने संकट मोचन मंदिर में हनुमान जी को 1.25 किलो सोने का मुकुट भेंट किया। अरविंद ने बताया, ‘‘मैंने प्रार्थना की थी कि अगर मोदी जी दोबारा सरकार बनाते हैं तो मैं हनुमान जी को 1.25 किलो सोने का मुकुट चढ़ाऊंगा।’’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात में नर्मदा जिले के केवडिया पहुंच चुके हैं। इस दौरान उन्होंने सरदार सरोवर डैम का दौरा भी किया।