अर्सा पहले एक फिल्म बनी थी, जिसमें Iconic Actor इरफान खान ने बागी डाकू पान सिंह तोमर का किरदार निभाया था। यह फिल्म मध्य प्रदेश के बीहड़ों की कहानी थी। उसी तर्ज पर एमपी के गुना जिले में तैनात रहा एक सिपाही नीरज जोशी उर्फ टोनी बागी बन गया है। उसने एक वीडियो जारी कर खुद को बागी बताया है। इसमें उसने सरकारी राइफल से ताबड़तोड़ फायरिंग भी की है।

उधर, गुना एसपी राजेश सिंह का कहना है कि सिपाही को दिए गए 15 राउंड पुलिस को नहीं मिले हैं। ऐसा लगता है कि वह उन्हें चला चुका है। सिपाही का जो वीडियो वायरल हुआ है उसकी बारीकी से जांच की जा रही है। खास बात है कि सिपाही टोनी ने वायरल वीडियो में आईजी रैंक के अफसर समेत कई पुलिस कर्मियों पर गंभीर आरोप जड़े हैं।

जानकारी के अनुसार सिपाही नीरज टोनी ड्यूटी से गायब हो गया था। उसके बाद सिपाही का यह वीडियो सामने आया है। सिपाही ने अपने वीडियो में पुलिस अफसरों पर उसे परेशान करने का भी आरोप लगाया है। वीडियो में एक राइफल भी उसके पास दिख रही है। टोनी गुना डीआरपी लाइन में तैनात था। उसकी ड्यूटी कलेक्ट्रोरेट में थी।

वीडियो में टोनी ने कहा है कि वह कल तक एक सिपाही था। अब, एक बागी है। पुलिस विभाग के लोग ही इसके लिए जिम्मेदार हैं। सिपाही का कहना है कि उसे खिलाफ कई झूठे केस दर्ज किए गए हैं। वीडियो में दावा किया कि उसे किसी भी मामले में दोषी नहीं पाया गया था बल्कि सिर्फ उसे फंसा दिया गया था।

वीडियो में उसने आईजी रैंक के अफसर पर 2 लाख की रिश्वत लेने का आरोप लगाया है। अफसर का नाम वह राजा बाबू बता रहा है। वह अन्य पुलिसकर्मियों के नाम भी लेकर उन पर गंभीर आरोप लगा रहा है। टोनी ने कहा कि एक सेक्स वर्कर के कहने पर उसके खिलाफ जांच का आदेश दिया गया था। नीरज ने अपने रास्ते में आने वाले किसी भी व्यक्ति को गोली मारने की धमकी दी है। पुलिस से दूर रहने का अनुरोध किया है। उसने कहा कि वह पुलिस को मारना नहीं चाहता है, क्योंकि महकमे का उसने नमक खाया है। उसने कहा कि वह खुद को मृत मान चुका है।