PM Modi France and UAE Visit: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को फ्रांस में सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘लीजन ऑफ ऑनर’ से सम्मानित किया है। पीएम मोदी इस सम्मान को पाने वाले पहले प्रधानमंत्री बन गए हैं। यह सम्मान दुनियाभर की कुछ चुनिंदा हस्तियों को ही दिया गया है। इससे पहले यह सम्मान जिन लोगों को दिया गया है उनमें संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव बुट्रोस -घाली, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला, वेल्स के तत्कालीन राजकुमार किंग चार्ल्स और जर्मनी की पूर्व चांसलर एंजेला मर्केल आदि शामिल हैं। इससे पहले फ्रांस पहुंचने पर पीएम मोदी का जोरदार स्वागत किया गया। फ्रांस पहुंचने पर वहां की पीएम एलिजाबेथ बोर्न ने प्रधानमंत्री मोदी की अगवानी की। यहां पीएम मोदी को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया और दोनों देशों का राष्ट्रगान बजाया गया।
बैस्टिल डे परेड में होंगे शामिल
पीएम मोदी आज फ्रांस के बैस्टिल डे परेड में शामिल होंगे। पीएम मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के खास आमंत्रण पर इसमें शामिल होने पहुंचे हैं। बैस्टिल डे समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बतौर विशिष्ट अतिथि होंगे। फ्रांस के लिए बैस्टिल डे किसी त्योहार से कम नहीं है। यह दिवस फ्रेंच रेवोल्यूशन यानी फ्रांसीसी क्रांति की एक प्रमुख घटना की याद में मनाया जाता है। हर साल 14 जुलाई को मनाए जाने वाले बैस्टिल डे को फ्रांस का नेशनल डे भी कहा जाता है। इस दिन फ्रांस में सामूहिक रूप से छुट्टी होती है और पूरा देश जश्न के माहौल में डूबा होता है।
पीएम मोदी के सम्मान में रखा डिनर
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के फ्रांस पहुंचने पर उनके सम्मान में एलिसी पैलेस में निजी रात्रिभोज का आयोजन किया गया। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने अपने आधिकारिक आवास एलिसी पैलेस में पीएम मोदी की मेजबानी की। इससे पहले पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत की धरती भी एक बड़े परिवर्तन का गवाह बन रही है। उन्होंने कहा कि आज पूरा विश्व भारत के प्रति नई उम्मीद और नई आशा से भरा हुआ है। यह उम्मीद ठोस नतीजों में बदल रही है। भारत अब समस्याओं का स्थायी समाधान कर रहा है।