संसद का विशेष सत्र सोमवार से शुरू हो गया है। यह 22 सितंबर तक चलेगा। इसी बीच केंद्रीय कैबिनेट की शाम 6.30 बजे बैठक होगी। यह बैठक संसद के एनेक्सी भवन में होगी। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं। इससे पहले पीएम मोदी ने कई मंत्रियों के साथ बैठक की है। इसमें पीयूष गोयल और प्रह्लाद जोशी मौजूद रहे। पीएम मोदी ने संसद के विशेष सत्र के पहले दिन लोकसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि संसद के विशेष सत्र के पहले दिन पीएम मोदी ने कहा कि आज से आरंभ हो रहा संसद का सत्र छोटा है लेकिन समय के हिसाब से ‘बहुत बड़ा’, ‘मूल्यवान’ और ‘ऐतिहासिक निर्णयों’ का है।
सभी सांसदों की ली जाएगी ग्रुप फोटो
लोकसभा में अध्यक्ष ओम बिरला ने सभी सदस्यों को जानकारी दी कि मंगलवार को सभी सदस्यों की पुरानी संसद के सामने ग्रुप फोटो ली जाएगी। राज्य सभा में भी इसे लेकर बुलेटिन जारी किया गया। इसमें बताया गया कि मंगलवार (19 सितंबर) को सुबह 9:30 बजे से पार्लियामेंट हाउस के गेट नंबर 1 और सेंट्रल हॉल के बीच कोर्टयार्ड 1 (आंगन) में राज्यसभा और लोकसभा के सदस्यों की ज्वाइंट फोटोग्राफ ली जाएगी। वहीं, राज्यसभा सदस्यों की भी ज्वाइंट फोटोग्राफ ली जाएगी। इसके लिए सभी सदस्यों से सुबह 9.15 बजे मौके पर पहुंचने के लिए आग्रह किया गया है।
कल सुबह 11 बजे इकट्ठे होंगे दोनों सदनों के सदस्य
राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी ने दोनों सदनों के सदस्यों से अनुरोध किया कि वे भारतीय संसद की समृद्ध विरासत को मनाने के लिए एकजुट हों। उन्होंने कहा कि सभी सदस्य 2047 तक देश को एक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लेने के लिए कल यानी 19 सितंबर को सुबह 11 बजे संसद के केंद्रीय कक्ष में इकट्ठा हों।