PM Narendra Modi Address to Nation: पीएम नरेंद्र मोदी ने बुधवार को देश के नाम दिए  गए संदेश में एक बड़ा ऐलान किया। भारत अब विश्व की उन चुनिंदा महाशक्तियों में शुमार हो गया है, जो अंतरिक्ष में किसी सैटलाइट को मार गिराने में सक्षम है। भारत से पहले यह ताकत सिर्फ अमेरिका, रूस और चीन के पास थी। पीएम के मुताबिक, यह हर हिंदुस्तानी के लिए गर्व के पल हैं। उन्होंने इस तकनीक को विकसित करने वाले डीआरडीओ के कर्मचारियों को बधाई दी।
जानें पीएम की घोषणा से जुड़ी 5 अहम बातें…..

पीएम के मुताबिक, भारत ने जो तकनीक ईजाद की है, उससे उपग्रह रोधी मिसाइल ‘ए-सैट’ के जरिए अंतरिक्ष में 300 किमी की परिधि में एक लाइव सैटेलाइट को मार गिराया गया है।

पीएम के मुताबिक, यह ऑपरेशन महज 3 मिनट में कामयाब  हुआ। यह बेहद मुश्किल मिशन पूरी तरह  से कामयाब रहा। मोदी ने इसे ‘मिशन शक्ति’ का नाम दिया।

मोदी ने बताया कि वैज्ञानिकों द्वारा बहुत कम वक्त में यह तकनीकी शक्ति हासिल की गई। यह ताकत भारत में ही विकसित एंटी सेटेलाइट सिस्टम  द्वारा हासिल किया गया।

पीएम ने कहा कि वह विश्व समुदाय को यह साफ करना चाहते हैं कि यह ताकत किसी के खिलाफ नहीं है।

पीएम ने यह भी कहा कि भारत अंतरिक्ष में हथियारों के होड़ के खिलाफ रहा है। इस तकनीक का मकसद शांति बनाए रखना और युद्ध जैसा माहौल बनाना नहीं है।