Central Vista: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (8 सितंबर 2022) को दिल्ली में इंडिया गेट के पास नेताजी सुभाष चंद्र बोस की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने कर्तव्य पथ’ के पुनर्विकास कार्यों से जुड़े श्रमजीवियों से भी मुलाकात की। पीएम मोदी ने श्रमजीवियों से कहा कि वह 26 जनवरी को होने वाली गणतंत्र दिवस परेड के लिए सेंट्रल विस्टा की पुनर्विकास परियोजना पर काम करने वाले सभी लोगों को आमंत्रित करेंगे।
यह बेहद खास मौका था, जब पीएम मोदी ने खुद सेंट्रल विस्टा के पुनर्विकास परियोजना में शामिल वर्कर्स से बातचीत की। उन्होंने सभी श्रमजीवियों से कहा कि गणतंत्र दिवस परेड के लिए पूरे परिवार के साथ आइएगा। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, “आज के इस अवसर पर, मैं अपने उन श्रमिक साथियों का विशेष आभार व्यक्त करना चाहता हूं, जिन्होंने कर्तव्यपथ को केवल बनाया ही नहीं है, बल्कि अपने श्रम की पराकाष्ठा से देश को कर्तव्य पथ दिखाया भी है।”
प्रधानमंत्री ने कहा, “नए भारत में आज श्रम और श्रमजीवियों के सम्मान की एक संस्कृति बन गई है, एक परंपरा पुनर्जीवित हो रही है। जब नीतियों में संवेदनशीलता आती है, तो फैसले भी उतने ही संवेदनशील होते चले जाते हैं इसलिए देश अब अपनी श्रम शक्ति पर गर्व कर रहा है।”
कर्तव्यपथ को देखने का दिया आह्वान: पीएम मोदी ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि मैं देश के हर एक नागरिक का आह्वान करता हूं, आप सभी को आमंत्रण देता हूं। आइये, इस नवनिर्मित कर्तव्यपथ को आकर देखिए। इस निर्माण में आपको भविष्य का भारत नज़र आएगा। यहां की ऊर्जा आपको हमारे विराट राष्ट्र के लिए एक नया विजन देगी, एक नया विश्वास देगी।
पीएम मोदी ने कहा, “आज कर्तव्य पथ पर पूरे देश की नजर है। आज देश को एक नई ऊर्जा और नई प्रेरणा मिली है। गुलामी का प्रतीक राजपथ आज इतिहास की बात बन चुका है। इसके लिए सभी देशवासियों को बधाई।” नेताजी की प्रतिमा के अनावरण के बाद पीएम मोदी ने नए सेंट्रल विस्टा एवेन्यू पर प्रदर्शनी देखी। इंडिया गेट पर बनी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की यह प्रतिमा 28 फुट ऊंची है। प्रतिमा ब्लैक ग्रेनाइट पत्थर पर बनाई गई है। इससे पहले 23 जनवरी 2022 को ‘पराक्रम दिवस’ पर नेताजी की होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण किया गया था। ये दोनों निर्माण कार्य सेंट्रल विस्टा रि-डेवलपमेंट प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं।