हमें समय-समय पर नई चीजें सीखते रहना चाहिए। इनमें नए कौशल, नई तकनीक या व्यक्तिगत शिष्टाचार तक के तरीके शामिल हैं। लेकिन हम अपनी वर्तमान नौकरी या व्यापार में इतने व्यस्त होते हैं कि हम इसके लिए समय ही नहीं निकाल पाते हैं। कई बार समय होने पर भी हमें ऐसे पाठ्यक्रम मिलते ही नहीं है और मिलते भी हैं तो वे बहुत महंगे होते हैं। कैसा हो अगर ये पाठ्यक्रम मुफ्त में उपलब्ध हों और इनकी पढ़ाई दिन या रात कभी भी कर सकें।
आपकी इस समस्या का समाधान हैं आॅनलाइन पाठ्यक्रम। गूगल, अमेजन, फेसबुक से लेकर हार्वर्ड विश्वविद्यालय तक ऐसे पाठ्यक्रम मुफ्त में उपलब्ध करा रहे हैं। कोई भी व्यक्ति इन पाठ्यक्रमों में पंजीकरण कराकर इन्हें कर सकता है। पाठ्यक्रम पूरा होने पर परीक्षा भी होती है और परीक्षा पास करने पर प्रमाणपत्र भी मिलता है। नौकरी-पेशा बहुत लोग इन पाठ्यक्रमों को आजकल कर रहे हैं और अपने आगे बढ़ रहे हैं।
गूगल के 156 पाठ्यक्रम
दुनिया की सबसे बड़ी तकनीकी कंपनी गूगल की ओर से ऐसे 156 पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। ये पाठ्यक्रम दो घंटे से लेकर 20 घंटे से अधिक के हैं। इनमें डिजिटल मार्केटिंग, नेटवर्किंग, बिजनेस कम्यूनिकेशंस, लोगों की बोलना, सामाजिक मनोविज्ञान, मशीन लर्निंग, कृत्रिम बौद्धिमत्ता, ग्राफिक डिजाइन, नेतृत्व, अंग्रेजी, लेखन, शोध, साइबर सुरक्षा, सॉफ्टवेयर डेवलेपमेंट, क्लाउड कंप्यूटिंग, डाटा साइंस, कंप्यूटर लेंग्वेज आदि पाठ्यक्रम शामिल हैं। इन पाठ्यक्रमों में पंजीकरण के लिए आपके पास सिर्फ जीमेल की आइडी होनी चाहिए। पंजीकरण करने के तुरंत बाद आपको पाठ्यक्रम शुरू हो जाता है। अपने समय के अनुसार आप दिन में एक बार, दो बार या कितनी भी बार पढ़ाई कर सकते हैं। पाठ्यक्रम के दौरान वीडियो के माध्यम से शिक्षक पढ़ाते हैं। इस दौरान अगर कुछ समझ नहीं आता है तो आप आॅनलाइन सवाल भी कर सकते हैं। पाठ्यक्रम पूरा होने पर गूगल की ओर से प्रमाणपत्र भी मिलेगा।

