उत्तराखंड के सीएम तीरथ सिंह रावत के जींस पर दिए बयान के बाद बाबा रामदेव भी चर्चा में हैं। दरअसल कुछ साल पहले उन्होंने दिल्ली में पतंजलि के कपड़ों का एक शोरूम खोला था। उसमें वह पतंजलि की जींस के बारे में बता रहे थे। सीएम के बयान के बाद एक बार उनका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। योग गुरु रामदेव अपने योगासन और इंडस्ट्री के अलावा बयानों की वजह से भी चर्चा में रहते हैं। रजत शर्मा के शो आप की अदालत में उन्होंने एक बार अंबानी पर भी कह दिया था कि उनके पास पैसा आ गया तो बीवी को हेलिकॉप्टर गिफ्ट किया।
दरअसल रामदेव बता रहे थे कि वह देश की सेवा के लिए पतंजलि इंडस्ट्री चला रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘हम तो देश के लिए कर रहे हैं। लोग अपनी बीवी बच्चों के लिए करते हैं। अंबानी के पास पैसा हुआ तो अपनी बीवी के लिए हजारों करोड़ का एरोप्लेन ले आए।’ रजत शर्मा ने इसपर टोकते हुए कहा कि अपने ही बीवी बच्चों के लिए तो लाए। रामदेव ने फिर हंसते हुए जवाब दिया, ‘लोग अपने बीवी-बच्चों के लिए लाएं, इसका मैं विरोध नहीं करता हूं।’
इस शो में रामदेव ने कहा, पतंजलि का जितना भी अर्थ है, वह सारा का सारा परमार्थ के लिए है। इसके बाद शर्मा ने फिर कहा, अगर आप ऐसे करेंगे तो आपको नोबेल प्राइज मिल जाएगा। रामदेव ने कहा, ‘मैं खुद नोबेल हूं। मैं ऋषियों की संतान हूं। अपने भीतर दीन-हीन होने की भावना नहीं लाना चाहिए। शान से जीना चाहिए।’
इस कार्यक्रम में रामदेव ने यह भी कहा कि उनका राजनीति से कोई लेनादेना नहीं हैं। उन्होंने कहा, ‘मैंने पतंजलि को आगे बढ़ाने के लिए कभी व्यक्तिगत जान पहचान का सहारा नहीं लिया और न लूंगा। देश के उत्थान के लिए जो भी करना पड़े करूंगा।’ इस शो में रामदेव अंग्रेजी बोलते भी नजर आए। उन्होंने कहा, ‘दिस इज द फिलॉसफी ऑफ स्वदेशी।’ रजत शर्मा ने कहा, इतनी अंग्रेजी तो मुझे भी नहीं आती। आपने कमाल कर दिया।