महाराष्ट्र के कोल्हापुर से 5 लाख के इनामी बदमाश विक्रम गुर्जर उर्फ पपला को बुधवार रात गिरफ्तार कर लिया। उसको पकड़ने की कहानी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। दरअसल वह एक तीन मंजिला मकान में अपनी जिम ट्रेनर गर्लफ्रेंड जिया के साथ रहता था। पुलिस पपला को गिरफ्तार करने पहुंची तो उसने अपनी ही गर्लफ्रेंड की गर्दन पर चाकू रख दिया और कहा कि पुलिस पीछे हट जाए। उसने अपनी गर्लफ्रेंड को मारने की धमकी दी। पुलिस पीछे नहीं हटी तो उसने घर के पीछे के हिस्से से छलांग लगा दी।
पपला सोच रहा था कि वह फिल्मी स्टाइल में रफूचक्कर होजाएगा लेकिन तीन मंजिल से गिरने के बाद उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। वह भाग नहीं पाया और पुलिस ने दबोच लिया। इससे पहले भी कुख्यात बदमाश फिल्मी अंदाज में पुलिस को धोखा दे चुका है। एक साल पहले उसे 32 लाख रुपये के साथ अलवर से गिरफ्तार किया गया था। लेकिन बाद में हथियारबंद बदमाशों ने उसे थाने से निकाल लिया।
पुलिस ने बताया कि पपला को पहलवानी का भी शौक है। उसकी गर्लफ्रेंड भी जिम ट्रेनर है। उसी के क्लू से पुलिस पपला तक पहुंच पाई। पुलिस कई महीनों से पपला के पीछे पड़ी थी और टीम कभी स्टूडेंट बनकर तो कभी जिम जॉइन करके रेकी कर रही थी। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद ही पुलिस ने गिरफ्तारी अभियान चलाया। ऑपरेशन शुरू हुआ तो पपला के मकान के पास काफी भीड़ लग गई।
पपला की गिरफ्तारी के मामले में कई पुलिसकर्मियों का डिमोशन और सस्पेंशन भी हो चुका है। आरोप है कि उसे कई बार गिरफ्तार किया गया लेकिन पुलिसवालों को पैसों का लालच देकर वह फरार हो जाता है। कुछ अधिकारियों पर पैसे लेने का भी आरोप है। वे सस्पेंड चल रहे हैं। बहरोड़ थाना पुलिस ने भी पपला को छोड़ने के लिए पांच लाख में सौदा किया था।