दुनियाभर में मशहूर अंग्रेजी डिक्शनरी ऑक्सफोर्ड ने पहली बार अंग्रेजी की तरह 2017 के हिंदी शब्द की घोषणा की है। ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी ने ‘आधार’ को 2017 का हिंदी शब्द घोषित किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी ने राजस्थान के जयपुर में चल रहे साहित्योत्सव (जेएलएफ) में शनिवार (27 जनवरी) को यह घोषणा की। इस मौके पर साहित्यकार और पत्रकार जमात के कई दिग्गज मौजूद रहे। कार्यक्रम में हिंदी के मशहूर कवि अशोक वाजपेयी, वरिष्ठ साहित्यकार चित्रा मुद्गल और वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ शामिल हुए। ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी की तरफ से कहा गया कि वर्ष के हिंदी शब्द का चयन करना आसान नहीं था। इसके लिए कई शब्द रखे गए थे। चयन समिति के सामने नोटबंदी, स्वच्छ, योग, विकास बाहुबली जैसे शब्द थे, जिनमें से आधार को चुना गया। चयन समिति ने पिछले वर्ष सबसे ज्यादा चलन में आए और लोगों का ध्यान खींचने वाले शब्द का चयन किया।

ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी की तरफ से कहा गया- ”वर्ष का हिन्दी शब्द एक ऐसा शब्द या अभिव्यक्ति है जिसने पिछले 12 महीनों में बारम्बार लोगों को आकर्षित किया है। हम विशेषज्ञों के एक पैनल के साथ काम करके इस साल के कई उम्मीदवार शब्दों पर विचार करते हैं और एक ऐसा शब्द चुनते हैं जो इस साल के लोकाचार, भावनओं और पूर्वाग्रहों को प्रतिबिंबित करता है और आने वाले समय में सांस्कृतिक महत्व के एक शब्द के रूप में संभावना रखता है।

 

चयन समिति में शामिल रहीं लेखिका नमिता गोखले ने कहा- ”2017 को पारिभाषित करने वाले शब्दों का चयन करने वाला काम काफी मजेदार और प्रेरणाप्रद रहा।” ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस इंडिया के प्रबंध निदेशक शिवरामाकृष्णन वी ने कहा- ”हम बड़े ही उल्लास के साथ ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी के पहले ‘वर्ष का हिन्दी शब्द’ की घोषणा कर रहे हैं।”

बता दें कि भारत सरकार ‘आधार’ के नाम पर देशवासियों को एक विशेष पहचान संख्या देने के लिए आधार कार्ड अमल में लाई। ज्यादातर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आधार कार्ड अनिवार्य कर दिया गया। बैंकों के खाते और फोन नंबरों के लिए आधार जरूरी हो गया। आधार कार्ड धीरे-धीरे प्रमुख पहचान पत्र बनता जा रहा है।