बड़ी संख्या में लोग इस रैली को देखने के लिए इस जगह पर जुटे थे। लेकिन भीषण जाम में यहां किसानों की गाड़ियां फंसी तो किसानों ने दिलशाद गार्डन की तरफ से आइएसबीटी कश्मीरी गेट जाने वाले फ्लाइओवर को ही बंद कर दिया। यह देखकर किसान पैदल ही इस मार्ग पर निकल गए। जैसी ही धीरे- धीरे किसानों ने फ्लाइओवर के ऊपर चढ़ना शुरू किया तो पुलिस ने इस फ्लाइओवर के बीच में गाड़ियां लगाकर इस मार्ग को बाधित करने की कोशिश की।
मार्ग के दूसरे छोर को पुलिस ने पहले ही बैरिकेड व अन्य वाहन लगाकर पहले ही बंद कर दिया था। जब किसान लगातार आगे बढ़ते रहे तो पुलिस ने इन पर बल का प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले भी छोड़े। इसके बाद किसानों को वापस भागना पड़ा। ये किसान अपनी गाड़ियों में वापस लौटे और करीब तीन बजे तक आनंद विहार के आसपास के इलाके भीषण जाम में फंसे रहे। इस मार्ग से बाद में पुलिस ने उत्तर प्रदेश जाने वाले मार्ग के जरिए इन किसान वाहन चालकों को वापस लौटा दिया
पुश्ता रोड पर वापस जाने वालों को लगी पानी सेवा : दिन भर के आंदोलन के बाद जब उत्तर प्रदेश व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इलाकों की तरफ देर शाम वापस लौटना शुरू किया तो उनके समर्थन में मार्ग पर बड़ी संख्या में लोग खड़े नजर आए। सीलमपुर तक जाने वाले इस पुश्ता मार्ग पर जगह- जगह सिख संगत की तरफ से पानी के इंतजाम किए गए थे। इस रास्ते में भारत माता की जय जैसे नारे लगाते हुए किसान ट्रेक्टर के साथ इस मार्ग पर दौड़ते नजर आए।
सहायक मार्ग बंद होने के बाद भी घुसे किसान
किसान आंदोलन की वजह से दिल्ली में केवल मुख्य प्रवेश मार्ग ही नहीं बल्कि दिल्ली के लिए आने वाले सहायक मार्गों को भी पुलिस को सील करना पड़ा। इन मार्गों पर आवाजाही बंद होने की वजह से आम जनता को सबसे अधिक परेशानियां उठानी पड़ी। यह हालत पश्चिमी उत्तर प्रदेश से दिल्ली आने वाले मार्ग व आनंद विहार के प्रमुख मार्गों पर देखने को मिली।
गाड़ियों में घंटों लोग मार्गों पर फंसे रहे। दोपहर 12 बजे लोनी बार्डर पर दिल्ली को पश्चिमी उत्तर प्रदेश से जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों लोनी गोल चक्कर पर दोनों राज्यों के लिए आने-जाने वाली आॅटो व परिवहन सेवा भी ठप थी। पुलिस के मुताबिक, इस इलाके में देर रात किसानों ने घुसने की कोशिश की थी इसलिए पुलिस ने एतियात के तौर पर रात को ही इस मार्ग को बंद कर दिया था।
परिवहन सेवा नहीं होने से लोगों को कई किलोमीटर पैदल चलकर अपने गंतव्य स्थान पर पहुंचना पड़ा। एक बजे आनंद विहार से जोड़ने वाला मार्ग भी रोकना पड़ा। यहां जाने वाले वाहनों के लिए मार्ग पहले ही बंद कर दिया गया था और दूसरे मार्ग से होते हुए उन्हें नोएडा से निकाला जा रहा था। मार्ग में कोई भी प्रवेश नहीं कर पाए इसके लिए पहले बड़े वाहनों को खड़ा कर दिया गया था और पुलिस के बैरिकेड लगा दिए गए थे। इस वजह से लोगों को आंनद विहार जाने के लिए के लिए पैदल ही निकलना पड़ा।