विपक्षी दलों ने केन्द्र की राजग सरकार पर निशाना साधते हुए आज कहा कि यह सरकार चुनावी वादे पूरे करने में विफल रही है। पंद्रह विपक्षी दलों के प्रतिनिधियों ने ‘साझा विरासत बचाओ’ सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव में किए गए वादों को पूरे नहीं कर पाई है और युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं तथा वे निराश हैं। आम आदमी महंगाई की मार से परेशान है। भाजपा धर्म के नाम पर लोगों को बांटने का काम कर रही है।

वक्ताओं ने कहा कि संविधान और देश को बचाना पहली जरूरत है। चुनाव में हार-जीत से निपट लेंगे लेकिन देश को बचाने के लिए हमें एकजुट होना होगा। धर्म,पशु के नाम पर वैमनस्यता पैदा की जा रही है। साझा विरासत बचाओं सम्मेलन ने बता दिया है कि आने वाले समय की राजनीति एक सकारात्मक दिशा की ओर जा रही है। सम्मेलन को जदयू अध्यक्ष शरद यादव, राकांपा के तारिक अनवर, माकपा के सीताराम येचुरी, कांग्रेस के आनंद शर्मा, सचिन पायलट, राजद के मनोज झा समेत अन्य विपक्षी दलों के नेताओं ने सम्बोधित किया। जयपुर के बिड़ला सभागारा में यह सम्मेलन आयोजित किया गया था।

इस बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी ने पंद्रह विपक्षी दलों के साझा सम्मेलन और कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस को अपनी धरातल (पहचान) बचाने के लिए विपक्षी दलों का सहारा लेना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आम लोगों का विश्वास खो चुकी है, जिस पार्टी ने देश पर कई सालों तक राज किया अब वह अपनी पहचान बचाने की कवायद कर रही है। परनामी ने संवाददाताओं से कहा कि आम लोग और गरीब लोग समझ चुके है कि भाजपा ही एकमात्र पार्टी है, जो उनका भला कर सकती है। पार्टी इन वर्गों को मुख्य भूमिका में लाने के लिए तेजी से आगे बढ़ रही है। केन्द्र एवं राज्यों की भाजपा सरकारों की योजनाओं और नीतियों के कारण भाजपा के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ रहा है।