ओडिशा में पिछले कई दिनों से तेज बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए अलर्ट जारी कर दिया है, यानी कि बारिश से कोई राहत नहीं मिलने वाली है। इस बीच आकाशीय बिजली गिरने की वजह से राज्य में 12 लोगों की मौत हो गई है और 11 घायल बताए जा रहे हैं। अब ये कोई पहली बार नहीं है जब ओडिशा में आसमानी कहर दिखा हो। हर साल बरसात वक्त ओडिशा में ऐसी ही स्थिति बन जाती है।
आकाशीय बिजली का कहर
बताया जा रहा है कि बालासोर के जलेस्वर में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हुई है, मयूरभंज में एक महिला ने जान गंवाई है, भद्रक के खेरांगव में एक की मौत की खबर है। इसी वजह से कुल आंकड़ा 12 तक पहुंच चुका है जो आगे और ज्यादा बढ़ सकता है। घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है जहां उनका इलाज जारी है। बड़ी बात ये है कि इस आकाशीय बिजली का शिकार बच्चे भी हो गए हैं, कुछ बच्चों की मौत की खबर भी आई है।
हिमाचल में लैंडस्लाइड से तबाही
वैसे इस समय एक तरफ ओडिशा में बारिश का कहर देखने को मिल रहा है तो वहीं हिमाचल प्रदेश में पहाड़ दरक रहे हैं, लैंडस्लाइड ने कई लोगों की जान ली है। वर्तमान स्थिति पर सीएम सुक्खू ने कहा है कि पोंग बांध के पास कांगड़ा के निचले इलाकों से 800 से ज्यादा लोगों को निकाला गया, क्योंकि बांध में जलस्तर बढ़ गया था। मुख्यमंत्री कार्यालय के लेटेस्ट आंकड़ों के अनुसार, राज्य में भारी बारिश और लैंडस्लाइड में मरने वालों की संख्या 71 हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन और बाढ़ के कारण ढही इमारतों के मलबे से बुधवार को और शव निकाले जाने के बाद मरने वालों की संख्या बढ़ गई।