ओड़िशा पुलिस ने कांग्रेस की छात्र इकाई नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया के पांच सदस्यों को शनिवार (2 अप्रैल) को गिरफ्तार किया जो मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के आवास में घुसने का प्रयास कर रहे थे ताकि उन्हें उडिया भाषा सिखायी जा सके। मुख्यमंत्री को उड़िया भाषा का कथित रूप से पर्याप्त ज्ञान नहीं होने का विरोध करते हुए एनएसयूआई की राज्य शाखा के प्रमुख इतीश प्रधान सहित संगठन के सदस्यों ने प्रदर्शन किया। पुलिस ने उन्हें नवीन निवास के समीप हिरासत में ले लिया।
एनएसयूआई सदस्यों ने चाक, डस्टर, कलम, लिखने वाले पैड तथा अन्य सामान लेकर मुख्यमंत्री के आवास तक यात्रा निकाली। प्रदर्शन कर रहे एनसयूआई सदस्यों ने इसे राज्य के लिए शर्मनाक बताया कि उसके मुख्यमंत्री को उड़िया नहीं आती। उन्होंने कहा कि वे पटनायक के भाषा सीखने तक आंदोलन जारी रखेंगे। प्रधान ने कहा, ‘‘यह अपमानजनक है कि मुख्यमंत्री के तौर पर 15 साल बाद भी पटनायक राज्य की भाषा नहीं बोल पाते हैं। यह तय है कि वह उड़िया को राज्य की शासकीय भाषा के रूप में लागू करने की परवाह नहीं करते हैं।’’
बहरहाल, राज्य के सत्तारूढ़ बीजद ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। बीजद की छात्र इकाई के अध्यक्ष एवं विधायक ब्यामकेश रे ने कहा कि एनएसयूआई ने राज्य में अपनी साख पहले ही खो दी है। अब वे प्रचार पाने के लिए इस तरह की चीजों को कर रहे हैं।