कश्मीर घाटी में एक दिन की राहत के बाद रविवार को ठंड फिर बढ़ने लगी और न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई। लद्दाख में तापमान में एक डिग्री की वृद्धि हुई। ठंड का कहर राजस्थान में भी जारी है। घने कोहरे की वजह से राज्य में रेल और सड़क यातायात प्रभावित हुआ है। प्रदेश के अधिकांस इलाकों में न्यूनतम तापमान में एक से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं उत्तर प्रदेश में पिछले दो-तीन दिन से जारी बूंदाबांदी के बाद रविवार को निकली धूप ने लोगों की राहत दी। मौसम विभाग ने एक बार फिर उत्तर प्रदेश के घने कोहरे के दौर से गुजरने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बताया,‘जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में रात में तापमान में हल्की गिरावट देखी गई। पिछली रात को जहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दो डिग्री सेल्सियस था, वहीं कल रात को यह और घटकर शून्य से नीचे 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।’ उन्होंने बताया कि काजीगुंद में शनिवार को तापमान शून्य से नीचे 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पिछली रात को यह शून्य से नीचे 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। काजीगुंद कश्मीर घाटी का प्रवेशद्वार कहा जाता है।
सालाना अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविर की भूमिका निभाने वाले पहलगाम में तापमान तीन डिग्री गिरकर शून्य से नीचे तीन डिग्री सेल्सियस पर स्थिर हुआ जबकि पिछली रात को यह शून्य से नीचे 6.4 डिग्री सेल्सियस पर था। प्रवक्ता ने बताया कि गुलमर्ग में शनिवार को तापमान शून्य से नीचे 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पिछली रात को यह शून्य से नीचे तीन डिग्री सेल्सियस था। प्रवक्ता के मुताबिक प्रख्यात स्की रिजॉर्ट गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि पिछली रात यह तापमान शून्य से नीचे 3.0 डिग्री सेल्सियस था। रात में कुपवाड़ा और कोकेरनाग का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे क्रमश: 4.4 डिग्री और 2.7 डिग्री सेल्सियस रहा। लेह में शनिवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पिछली रात को यह 13.6 डिग्री सेल्सियस रहा था।
प्रवक्ता ने बताया कि लद्दाख क्षेत्र के करगिल में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 15 डिग्री दर्ज किया गया जबकि पिछली रात को यह 16.4 डिग्री सेल्सियस रहा था। करगिल राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा। कश्मीर में इन दिनों ‘चिल्लई कलां’ के दिन चल रहे हैं। यह सर्दियों के सबसे कठिन 40 दिन माने जाते हैं। इसकी शुरुआत 21 दिसंबर से हुई है।
उधर, राजस्थान में घने कोहरे से रेल और सड़क यातायात प्रभावित हुआ है। प्रदेश के अधिकतर इलाकों में न्यूनतम तापमान में एक से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट के कारण सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है। मौसम विभाग के प्रवक्ता के मुताबिक मैदानी भागों में चूरू और प्रदेश के एक मात्र पर्वतीय पर्यटक स्थल माउंट आबू में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीकर में न्यूनतम तामपान 5 डिग्री, पिलानी 5.4, श्रीगंगानगर 7, उदयपुर 8 और अजमेर में 9.2 डिग्री दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि राजधानी जयपुर में न्यूनतम तापमान में शनिवार के मुकाबले पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 9 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर में सुबह दस बजे तक घना कोहरा छाया रहा। प्रदेश के अन्य स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से 13 डिग्री के मध्य दर्ज किया गया।
उत्तर-पश्चिम रेलवे के प्रवक्ता के मुताबिक घने कोहरे के कारणा 33 रेलगाड़ियां 20 मिनट से आठ घंटे की देरी से चल रही हैं। दो रेलगाडियों को आंशिक रूप से रद्द किया गया जबकि तीन सवारी गाड़ियों के समय में बदलाव किया गया। उन्होंने बताया कि घने कोहरे के कारण अमृतसर-सादुलपुर और सादुलपुर-लुधियाना सवारी गाड़ियों को आंशिक रूप से रद्द किया गया जबकि जोधपुर-वाराणसी, श्रीगंगानगर-ऋषिकेश और गंगानगर-दिल्ली रेलगाड़ियों के समय में परिवर्तन किया गया है। कोलकाता-बीकानेर सवारी गाड़ी आठ घंटे, जम्मूतवी-अमदाबाद 5.35 घंटे, सियालदाह-अजमेर 4.20 घंटे की देरी से चल रही हैं।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है।
वहीं पिछले दो-तीन दिन तक बूंदाबांदी के बाद अब उत्तर प्रदेश के एक बार फिर घने कोहरे के दौर से गुजरने की संभावना है। रविवार को धूप निकलने से लोगों को राहत मिली। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में कुछ स्थानों पर बारिश हुई और अनेक स्थानों पर न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
इस अवधि में कैसरगंज में दो सेंटीमीटर, बहराइच और आंवला में एक-एक सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे के दौरान वाराणसी, फैजाबाद, इलाहाबाद, कानपुर, लखनऊ, बरेली, गोरखपुर, मुरादाबाद, झांसी, आगरा और मेरठ मंडलों में रात के तापमान में खासी बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस दौरान इटावा राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6. 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अगले 24 घंटे के दौरान राज्य में अनेक स्थानों पर कोहरा गिरने का अनुमान है। कुछ जगहों पर घना कोहरा गिरने की संभावना है। राजधानी लखनऊ समेत अनेक स्थानों पर तीन दिन तक बारिश और बूंदाबांदी के बाद रविवार को मौसम कुछ साफ हुआ। धूप निकलने से लोगों को राहत मिली।
