सोमवार को बंदी का पहला दिन था। दिल्ली से लगनी वाली सभी सीमाओं को सील कर दिया गया। बावजूद इसके लोग लगातार उल्लघंन करते नजर आए। सीमा पर प्रवेश करने वालों के पहचान पत्र देखने के बाद लोगों को अनुमति दी गई। इससे लंबा जाम लग गया।

नोएडा प्रवेश द्वार पर सुबह से वाहनों का आना शुरू हो गया। कुछ ही घंटो में यहां वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिसकर्मियों ने जानकारी दी लेकिन बहाना बनाकर वह नोएडा से दिल्ली व दिल्ली से नोएडा आते जाते रहे। कई बार पुलिस व लोगों के बीच कहासुनी भी हुई। पुलिसकर्मी सिर्फ दवाओं का पर्चा व पहचान पत्र देखकर ही लोगों को प्रवेश दे रही है। लेकिन इनमे वह लोग ज्यादा है जो शहर से अपने पैतृक घर जा रहे हैं। यह लोग नोएडा वाया एक्सप्रेस-वे से निकलना चाहते है।

सुबह ही खरीदारी करने निकल पड़े
लोग सुबह-सुबह ही खरीददारी करने निकल पड़े। लोगों को डर है कि कहीं पूरी तरह से सब बंद ना हो जाए। सेक्टर 71 स्थित एक सब्जी की दुकान पर सुबह लोगों की भारी भीड़ दिखी। इसी तरह दवा की दुकानों पर भी लोग पहुंचे। सुबह सैर करने वालों की संख्या में भी भारी कमी दिखी। लोग घर में ही योग करते दिखे। नोएडा के पार्क व ओपन जिम को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। लेकिन लोग पार्कों व सड़क पर निकले। अस्पताल के बहाने लोग सडकों पर निकल रहे हैं। अस्पताल में लोगों की अच्छी खासी भीड़ रही।