अरबपति बिजनेसमैन एलन मस्क को 2025 के नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नॉमिनेट किया गया है। मस्क को उनकी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता (Free Speech) की वकालत के लिए नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। यूरोपीय सांसद के सदस्य ब्रैंको ग्रिम्स ने उन्हें यह पुरस्कार देने की वकालत की है।

यूरोपीय संसद के सदस्य ब्रैंको ग्रिम्स ने कहा कि टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नॉमिनेट करने की याचिका नॉर्वेजियन नोबेल समिति को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि यह नामांकन अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और शांति के मौलिक मानव अधिकार में मस्क के योगदान को मान्यता देने के लिए है।

ब्रैंको ग्रिम्स ने इस प्रस्ताव की पुष्टि करते हुए कहा, ‘आज यह प्रस्ताव पेश किया गया कि एलन मस्क, जो लगातार अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के मौलिक मानवाधिकार और शांति का समर्थन कर रहे हैं उन्हें 2025 के नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया जाए।’ ग्रिम्स ने इस नॉमिनेशन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस चुनौतीपूर्ण प्रोजेक्ट में मदद करने वाले सभी सह-प्रस्तावकों और सहयोगियों का हार्दिक धन्यवाद।

एलन मस्क नए ट्रंप प्रशासन में काफी हद तक शामिल हैं। ट्रंप ने उन्हें DOGE के प्रमुख के रूप में नियुक्त किया है। सोशल मीडिया एक्स का अधिग्रहण करते समय मस्क ने कहा था कि वह ऐसा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए कर रहे हैं। उन्होंने उस समय फ्री स्पीच का मतलब समझाते हुए कहा था, “फ्री स्पीच से मेरा मतलब सिर्फ वह है जो कानून से मेल खाता हो। मैं ऐसी सेंसरशिप के खिलाफ हूं जो कानून से मेल नहीं खाती है। अगर लोग कम स्वतंत्र अभिव्यक्ति चाहते हैं तो वे सरकार से इस संबंध में कानून पारित करने के लिए कहेंगे। इसलिए, कानून से परे जाना लोगों की इच्छा के विपरीत है।”

क्या है नोबेल पुरस्कार की चयन प्रक्रिया?

नोबेल शांति पुरस्कार की चयन प्रक्रिया काफी कड़ी और विस्तृत होती है। इसके लिए नॉमिनेशन की आखिरी तारीख 31 जनवरी होती है और इसकी शुरुआत आमतौर पर अक्टूबर के मध्य से होती है। समय सीमा के बाद, मूल्यांकन के लिए इन नामांकन को फरवरी के मध्य में नोबेल समिति को सौंप दिया जाता है। इसके बाद समिति सभी वैध नॉमिनेशन की समीक्षा करती है और आगे की जांच के लिए उम्मीदवारों की एक लिस्ट तैयार करती है। इसमें स्थायी सलाहकारों और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की एक्सपर्ट राय को ध्यान में रखा जाता है। पढ़ें- देश-दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लेटेस्ट अपडेट्स