पंजाब नेशनल बैंक को 13 हजार करोड़ से ज्यादा का चूना लगाने वाला मेहुल चोकसी हर जगह हेराफेरी करता रहा है। यहां तक कि उसने अपनी गर्लफ्रेंड बारबरा जराबिका के साथ भी धोखाधड़ी की। दरअसल, उसने जो हीरे का ब्रेसलेट और अंगूठी उसे गिफ्ट में दी थी, बारबरा का कहना है कि वो नकली थे।

इंडिया टुडे को बारबरा ने बताया कि मेहुल से वो तकरीबन 1 साल पहले मिली थी। उसने अपना नाम राज बताया था। उसका कहना है कि मेहुल का ये आरोप निराधार है कि उसके जरिए ही उसे अगवा कर डोमेनिका ले जाया गया। बारबरा का कहना है कि चोकसी मामले से उसका कोई लेनादेना नहीं है। उसका नाम इस विवाद में मेहुल के परिवार और वकील की तरफ से लिया जा रहा है। युवती के मुताबिक इन बेसिरपैर के आरोपों से वो और उसका परिवार तनाव में है। मेहुल की किडनैपिंग में उसकी कोई भूमिका कभी भी नहीं थी।

गौरतलब है कि एंटीगुआ पुलिस को दी शिकायत में चोकसी ने आरोप लगाया है कि उसकी गर्लफ्रेंड बारबरा को मोहरा बना भारत ने उसे अगवा करने की साजिश रची थी। चोकसी का कहना है कि वो बारबरा को तकरीबन 1 साल से जानता था। वो दोनों अच्छे दोस्त थे और उनकी मुलाकात होती रहती थी। वो शाम को उसके साथ सैर को जाता था।

चोकसी का कहना है कि बारबरा पहले उसके जॉली हार्बर स्थित मकान के सामने रहा करती थी, लेकिन बाद में उसने अपना ठिकाना बदला और कोको बे होटल के पास रहने लगी। बारबरा का उसके स्टाफ के साथ मिलना जुलना लगा रहता था। चोकसी का कहना है कि रहस्यमयी लड़की ने उससे भी नजदीकी बना ली थी। शिकायत में दावा किया गया है कि जिन लोगों ने उसे अगवा किया वो उस पर दबाव डाल रहे थे कि बारबरा को वो भूल जाए, क्योंकि ये एक स्कैंडल है और इस खबर से उसकी पत्नी को गहरा धक्का लग सकता है।

मेहुल का कहना है कि वो बारबरा से मिलने उसके घर गया था तभी उसे अगवा किया गया। चोकसी ने कहा कि बारबरा ने उसे 23 मई को अपने घर पर आने के लिए कहा। उसके वहां पहुंचने पर 8-10 लोगों ने उसके साथ मारपीट की। चोकसी का कहना है कि बारबरा इस पूरी साजिश का एक अभिन्न अंग थी। ये भारत के इशारे पर रची गई थी, लेकिन फेल हो गई।