बिहार से जुड़ी एक जानकारी सामने आ रही है। यहां के नालंदा जिले के कुल गांव में एक बच्चा बोरवेल में गिर गया था। जिसे NDRF टीम द्वारा बाहर निकाल लिया गया है। NDRF अधिकारी जे.पी. प्रसाद ने बताया, “रेस्क्यू ऑपरेशन में 5-6 घंटे लग गए। बहुत बड़ी चुनौती थी, हम कैमरे से लगातार मॉनिटरिंग कर रहे थे।” वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना नदी का जल स्तर फिर से बढ़ा हुआ है। शहर के निचले इलाकों में जलजमाव कम नहीं हो रहा है। राज्य सरकार ने लोगों से सावधानी बनाए रखने की अपील की है।
हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से एक बार फिर कई लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने से दिल्ली में एक बार फिर बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। दूसरी ओर गुजरात और हिमाचल प्रदेश में बाढ़ के हालात बने हुए हैं। अहमदाबाद में एयरपोर्ट पानी में डूबा हुआ है। अस्पतालों में भी पानी भरा है। वहीं उत्तराखंड में बारिश और लैंड-स्लाइड से जाम सड़कों पर से मलबा हटाया जा रहा है। महाराष्ट्र में मौसम विभाग का अलर्ट जारी है।
दिल्ली के निचले हिस्सों में फिर बढ़ा पानी, गुजरात-हिमाचल- उत्तराखंड में बिगड़े हालात, महाराष्ट्र में अलर्ट
दिल्ली में यमुना खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। आज शाम आठ बजे यमुना का जलस्तर 206.39 मीटर दर्ज किया गया। जबकि शाम सात बजे जलस्तर 206.37 मीटर रिकार्ड किया गया था। यमुना के जलस्तर का खतरे का निशान 205.33 है।
महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, “जब उद्धव ठाकरे सीएम थे, तो वह पालघर में साधुओं की निर्मम हत्या पर जवाब नहीं दे सके। वह चर्चा के लिए भी तैयार नहीं थे। लेकिन यहां सरकार तैयार है और विपक्ष (मणिपुर पर) चर्चा से भाग रहा है, सदन की कार्यवाही से भाग रहा है। विपक्ष की क्या मजबूरी है कि वे खबरों में बने रहना चाहते हैं, लेकिन इस पर चर्चा नहीं करना चाहते।”
कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने रविवार को पश्चिम बंगाल में मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर तृणमूल कांग्रेस सरकार पर हमला बोला। अधीर रंजन ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि बंगाल में कानून व्यवस्था चरमरा गई है और मालदा की घटना इसका ताजा उदाहरण है।
बिहार में दो चीनी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। मोतिहारी एसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने कहा कि दोनों से पूछताछ की गई है और हरैया थाने में मामला दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है। हम उन्हें रिमांड पर लेने के बाद आगे की पूछताछ करेंगे।
बिहार के नालंदा के कुल गांव में बोरवेल से बच्चे को रेस्क्यू करने के बाद NDRF अधिकारी जे.पी. प्रसाद ने बताया, “रेस्क्यू ऑपरेशन में 5-6 घंटे लग गए। बहुत बड़ी चुनौती थी, हम कैमरे से लगातार मॉनिटरिंग कर रहे थे।”
दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में आज बारिश हुई।
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुडा ने सिरसा के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। दिल्ली प्रशासन द्वारा निचले इलाकों को खाली करने की घोषणा की जा रही है क्योंकि आज शाम 4 बजे यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया, जो 206.31 मीटर दर्ज किया गया।
आप मंत्री सौरभ भारद्वाज ने वजीराबाद जल उपचार संयंत्र के दौरे के दौरान कहा, 'दिल्ली जल बोर्ड ने कमजोर स्थानों पर तटबंध को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि पिछली बार, पंपों में पानी घुस गया था और तीन वाटर प्लांट को बंद करना पड़ा था, लेकिन इस बार जल बोर्ड प्रशासन अच्छी तरह से तैयार था। लोग अभी भी राहत शिविरों में रह रहे हैं और सरकार ने उनके लिए सभी व्यवस्थाएं की हैं।'
बिहार: नालंदा में कुल गांव में एक बच्चा बोरवेल में गिरा। NDRF टीम द्वारा बचाव अभियान किया जा रहा है।
IMD वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने कहा कि वर्तमान में मानसून एक्टिव फेस में है इसलिए इसके प्रभाव से गुजरात में पहले से ही अत्यधिक बारिश हो रही है जो अगले 24 घंटों तक जारी रहेगी। भारी बारिश का अर्थ है 20 सेमी से अधिक। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश जारी रह सकती है।
गुजरात के जूनागढ़ की DYSP निकिता सिरोया ने कहा कि अभी स्थिति नियंत्रण में है। सरकार की तरफ से बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। हम जनता से अपील करते हैं कि अनावश्यक रूप से घर से बाहर ना निकलें। हमने यहां पर्यटकों को रोकना शुरु कर दिया है। किभी भी बारिश शुरु हो सकती है।
उत्तर प्रदेश: अमरोहा DM राजेश कुमार त्यागी ने बताया कि एक इमारत गिरने से 2 मजदूरों की मृत्यु हुई। यहां एक पुरानी इमारत थी और बताया गया है कि इस इमारत को 9 मजदूर तोड़ रहे थे, जिनमें से 2 की मृत्यु की सूचना मिली है। बचाव अभियान जारी है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख फारुख़ अब्दुल्ला ने कहा कि मणिपुर की स्थिति हमारे लिए एक त्रासदी जैसी है। कुर्सी के लिए नफरतें किस तरह बढ़ाई जा रही है इस पर लानत है। प्रधानमंत्री ने भी इसपर(मणिपुर हिंसा पर) जवाब दिया है लेकिन उन्हें यह संसद में कहना चाहिए था।
रुद्रपुर में विभिन्न परियोजनाओं के उद्घाटन कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू किए गए स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत हमारा लक्ष्य है कि आने वाले वर्षों में शहरों को कूड़े के ढेरों से मुक्ति दिलाना एवं उन्हें ग्रीन जोन में बदलना है।
मणिपुर: DCW प्रमुख स्वाति मालीवाल इंफाल हवाईअड्डे पहुंचीं।
कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की कानून व्यवस्था की स्थिति खराब होती जा रही है और मालदा की घटना से यही दर्शाती है। सिर्फ मालदा ही नहीं बल्कि बंगाल के कई अन्य स्थानों पर पंचायत चुनावों के बाद महिलाओं पर अत्याचार देखा गया है…यह बेहद निंदनीय है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी (DPCC) के कार्यकर्ताओं ने मणिपुर में हिंसा को नियंत्रित करने में सरकार की विफलता पर मौन विरोध प्रदर्शन किया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों में उत्पन्न बाढ़ जैसी स्थिति के बारे में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल से बात की।
पश्चिम बंगाल: आसनसोल के आश्रम मोड़ पर स्थित एक सुपर मार्केट में आग लग गई। मौके पर दमकल की कई गाड़ियां मौजूद हैं।
मुंबई के कांदिवली में धनकुंवरबेन बाबूभाई ढाकन अस्पताल और रमाबेन प्रवीणभाई ढाकन कार्डियक सेंटर की नई इमारत के उद्घाटन कार्यक्रम में RSS प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि इंसान को बीच-बीच में अच्छा काम करना चाहिए…दुनिया में पहले इंसान की जरूरत रोटी, कपड़ा और मकान था लेकिन अब ऐसा नहीं है। अब शिक्षा और स्वास्थ्य ये दोनों भी जरूरी हैं।
AAP सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि मैंने राज्यसभा चेयरमैन को पत्र लिखकर यह अवगत कराया है कि केंद्र सरकार द्वारा दिल्ली सरकार की शक्तियां छीनने वाला जो अध्यादेश लाया गया है उसे संसद में पेश करना जायज़ नहीं है और इसके मैंने 3 कारण भी दिए हैं। 11 मई 2023 को सुप्रीम कोर्ट की संवैधानिक पीठ ने सर्वसम्मित से निर्णय दिया था जिसके तहत तमाम शक्तियां अफसरशाही से संबंधित, अफसरों से काम लेने और देने संबंधित शक्ति अरविंद केजरीवाल की सरकार में है। इसके मात्र 8 दिन के बाद केंद्र इस फैसले को एक अध्यादेश लाकर पलट देती है। मुझे उम्मीद है कि सभापति अध्यादेश को पेश करने की अनुमति नहीं देंगे और सरकार को इसे वापस लेने का निर्देश देंगे।
दिल्ली महिला आयोग (DCW) की प्रमुख स्वाति मालीवाल मणिपुर के लिए रवाना हुईं।
पश्चिम बंगाल: जैन समुदाय के लोगों ने अरिहा शाह को जर्मनी से भारत वापस लाने की मांग को लेकर कोलकाता में जर्मन वाणिज्य दूतावास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। दो साल की अरिहा 21 महीने से अधिक समय से जर्मनी में पालक देखभाल में रह रही है।
छत्तीसगढ़: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रायपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
पुनर्विकसित ITPO कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन 26 जुलाई को किया जाएगा। ITPO कॉम्प्लेक्स भारत के जी20 नेताओं की बैठकों की मेजबानी करेगा।
उत्तरकाशी की SP अर्पण यदुवंशी ने कहा कि उत्तराखंड के आराकोट बाजार के पास भारी भूस्खलन के कारण आराकोट-हिमाचल प्रदेश मार्ग अवरुद्ध हो गया। मानसून अलर्ट को देखते हुए यात्री अपनी गंगोत्री-यमुनोत्री यात्रा फिलहाल स्थगित कर दें।
दिल्ली महिला आयोग (DCW) प्रमुख स्वाति मालीवाल ने कहा, “मैंने मणिपुर सरकार को लिखा है कि मैं राज्य का दौरा करना चाहती हूं और यौन उत्पीड़न के पीड़ितों से मिलना चाहती हूं। मुझे मणिपुर सरकार से एक पत्र मिला है जिसमें राज्य सरकार द्वारा मुझे अपनी यात्रा स्थगित करने का सुझाव दिया है क्योंकि राज्य में कानून और व्यवस्था की स्थिति अच्छी नहीं है। मैं केवल पीड़ितों की मदद के लिए मणिपुर जाना चाहती हूं। मैं राज्य सरकार से अपील कर रही हूं कि वह मुझे मणिपुर जाने की अनुमति दें और उन राहत शिविरों में मेरी यात्रा की व्यवस्था करें जहां ये पीड़ित रह रहे हैं।”
दिल्ली में यमुना नदी में जलस्तर बढ़ा हुआ है। आज सुबह 7 बजे पुराने लोहा पुल पर जलस्तर 205.81 मीटर दर्ज किया गया। वीडियो ड्रोन से ली गई है।
#WATCH दिल्ली: यमुना नदी में जलस्तर बढ़ा हुआ है, आज सुबह 7 बजे पुराने लोहा पुल पर जलस्तर 205.81 मीटर दर्ज किया गया। वीडियो ड्रोन से ली गई है। pic.twitter.com/egQvW2jNXX
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 23, 2023
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना नदी का जल स्तर बढ़ा हुआ है। मशहूर पुराना लोहा पुल के नीचे यमुना काफी उफान पर है।
#WATCH दिल्ली: यमुना नदी में जल स्तर बढ़ा हुआ है। (वीडियो पुराना लोहा पुल का है) pic.twitter.com/dqNOzYJYq2
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 23, 2023
दिल्ली में यमुना का जल स्तर बढ़ा और गुजरात के नवसारी और वडोदरा में बाढ़ के हालात। उत्तराखंड और हिमाचल में भारी बारिश और भूस्खलन से यातायात पर बुरा असर।