नए साल के मौके पर बड़ी तादाद में लोग पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में बड़ी तादाद में पर्यटक पहुंचे हैं, तादाद इतनी ज़्यादा है कि चंडीगढ़-हिमाचल हाइवे पर जाम की स्थिति बन गई है। हिमाचल के और भी कई इलाकों और खासतौर पर शिमला में जाम की स्थिति बनी हुई है। कुल्लू पुलिस ने जाम की स्थिति को देखते हुए कई फैसले लिए हैं ताकि यहां पहुंच रहे लोगों को ज्यादा परेशानी का सामना ना करना पड़े। 

हिमाचल पुलिस की सख्त निगरानी 

हिमाचल पुलिस लगातार नागरिकों के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से एड्वाइजरी जारी कर रही है। हिमाचल प्रदेश पुलिस के एक्स अकाउंट पर संदेश लिखा गया है कि आज भारी पर्यटकों को संख्या को देखते हुए  जिला पुलिस द्वारा कानून व्यवस्था,पर्यटक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था इत्यादि का कुशल रूप से संचालन करने के लिए जिला लाहौल एवं स्पीति पुलिस द्वारा ड्रोन सर्विलेंस किया गया है। ड्रोन सर्विलेंस के माध्यम से जिला पुलिस द्वारा  एटीआर नॉर्थ पोर्टल से सिस्सु पर्यटक स्थल एवं भारी पर्यटकों वाले स्थानों में सर्विलेंस किया गया है। 

हिमाचल प्रदेश पुलिस ने जानकारी दी है कि जिला लाहौल स्पीति में सुबह 8 बजे से लेकर 4 बजे तक 9,602 वाहनों की एंट्री दर्ज की गई है। वहीं बीते एक दिन में अटल टनल रोहतांग से रिकार्ड 28210 वाहनों की आवाजाही हुई है। वाहनों की यह संख्या अभी तक का सबसे बड़ा रिकार्ड है। इनमें 14865 वाहन अंदर और 13345 वाहन बाहर आएं हैं। आज अटल टनल रोहतांग के एरिया में मौसम साफ रहेगा।

पुलिस ने आम नागरिकों के नाम अपील भी जारी की है और लिखा है कि आगे और भी भारी जाम की स्थिति बन सकती है इसलिए हिमाचल पहुंच रहे लोग इसका खास तौर पर ख्याल रखे। 

हेल्प-लाइन नंबर भी जारी 

हिमाचल प्रदेश पुलिस ने अधिक जानकारी के लिए हेल्प लाइन नंबर भी जारी किए हैं। किसी भी आपात स्थिति में हिमाचल पुलिस से मदद ली जा सकती है। पुलिस थाना मनाली के लिए नंबर  01902-252326 है  या पुलिस कन्ट्रोल रूम के मोबाइल नम्बर  8219681608 पर सम्पर्क किया जा सकता है।