भागलपुर के सुलतानगंज की चुनावी सभा में राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में बदलाव की हवा बह रही है। हम यकीन दिलाते हैंं यदि महागठबंधन की सरकार बनी तो हम जाति-धर्म से ऊपर उठकर सभी के लिए काम करेंगे। गरीब, कमजोर, दलित और बंचितों का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

वे शनिवार को भागलपुर के सुलतानगंज विधानसभा क्षेत्र में महागठबंधन की ओर से कांग्रेस उम्मीदवार ललन यादव के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे थे। उनके साथ पूर्व सांसद लवली आनंद ने भी जनसभा को संबोधित किया।

तेजस्वी यादव ने कहा कि 15 साल तक नीतीश कुमार की सरकार ने लोगों को ठगने का काम किया है। महागठबंधन को एक मौका दें तो नया बिहार बनाएंगे। प्रदेश में राजग की डबल इंजन सरकार हर क्षेत्रों में विफल साबित हुई है। आम लोगों का जीना दूभर हो गया है। फिर भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पांच साल का समय मांग रहे हैं। लेकिन अब जनता बदलाव चाहती है।

उन्होंने कहा कि चुनाव आते ही एनडीए के घटक भाजपा रोजगार देने की बात कर रही है तो उनके सहयोगी जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नौकरी देने मेंं असमर्थता जता रहे हैं। इससे एनडीए का दोहरा चेहरा उजागर हुआ है। क्योंकि वे लोग हमारी घोषणाओं का मजाक उड़ा रहे थे।

तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जुमलेबाजी से जनता को सावधान रहना होगा वे सत्ता के लिए झूठी घोषणाएं करते जा रहे हैं। लेकिन इसका चुनाव पर कोई प्रभाव नहीं पड़नेवाला है। बदलाव की हवा चल पड़ी है और इसे कोई रोक नहीं सकता है।प्रदेश में अब महागठबंधन की सरकार बननी तय है।

उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट की बैठक में दस लाख युवाओं को नौकरी देने की घोषणा पर अमल किया जाएगा। इसके अलावा समान काम के बदले समान वेतनमान दिया जाएगा और प्रदेश के मूल निवासी छात्रों से बिहार सरकार की परीक्षाओं में कोई शुल्क नहीं लिए जाएंगे।