एनडी तिवारी के बेटे रोहित तिवारी की बीते दिनों हुई मौत के मामले में अहम खुलासा हुआ है। दरअसल पुलिस और जांच अधिकारियों ने रोहित की हत्या के मामले में उनकी पत्नी अपूर्वा को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा अपूर्वा के खिलाफ अहम सबूत मिलने का दावा किया जा रहा है। बता दें कि बीते हफ्ते रोहित शेखर अपने कमरे में मृत मिले थे और उनकी नाक से खून बह रहा था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि रोहित की मौत दम घुटने की वजह से हुई। जिसके बाद पुलिस ने घटना की जांच शुरु कर दी। जांच की शुरुआत से ही हत्या का शक घर के ही किसी व्यक्ति पर था। अब पुलिस ने इस मामले में रोहित की पत्नी अपूर्वा को गिरफ्तार कर लिया है। रोहित शेखर की मां उज्जवला शर्मा ने भी अपूर्वा पर गंभीर आरोप लगाए थे और बताया था कि रोहित और उसकी पत्नी के बीच संबंध अच्छे नहीं थे।

रोहित शेखर की अपूर्वा के साथ बीते साल ही शादी हुई थी। शादी के बाद से पति-पत्नि के बीच मनमुटाव बताया जा रहा है। पुलिस बीते तीन दिनों से अपूर्वा से रोहित की मौत के सिलसिले में पूछताछ कर रही थी। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की टीम घटना की जांच में जुटी थी। उल्लेखनीय है कि बीती 15 अप्रैल को रोहित शेखर अपने गृह राज्य उत्तराखंड में वोट डालने के बाद दिल्ली लौटे थे। इसके बाद वह खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने के लिए चले गए। अगले दिन शाम को जब घर का नौकर उन्हें जगाने के लिए गया तो उसने देखा कि रोहित शेखर बेहोश हैं और उनकी नाक से खून बह रहा है। इसके बाद रोहित शेखर को उनके परिजन लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया।

रोहित और अपूर्वा की एक मैट्रीमोनियल साइट के जरिए मुलाकात हुई थी, जिसके बाद दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में भी रहे। इसके बाद 12 मई, 2018 को दोनों ने शादी की थी। शादी के कुछ दिन बाद ही दोनों के बीच मनमुटाव हो गया और फिलहाल दोनों तलाक लेने पर भी विचार कर रहे थे। रोहित की मां उज्जवला शर्मा का आरोप है कि अपूर्वा और उसके माता-पिता की नजर रोहित की संपत्ति पर थी।