मुंबई से दिल्ली जा रही विस्तारा की फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया जब एक यात्री ने प्लेन को हाईजैक करने की बात कही। उस शख्स की बात सुनकर सभी यात्रियों के होश उड़ गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि विस्तारा फ्लाइट नंबर UK 996 की केबिन क्रू यात्रियों के सीट बेल्ट बांधने के लिए कह रही थी। इसी दौरान सीट नंबर 27 E पर बैठा शख्स फोन पर जोर जोर से बात कर रहा था। जानकारी के मुताबिक घटना गुरुवार की है। करीब साढ़े छह बजे छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर हुई।

फोन पर बोला- हाईजैक की प्लानिंग है

सूत्रों के मुताबिक यात्री फोन पर किसी से कह रहा था कि फ्लाइट अहमदाबाद में बोर्ड करेगी। कोई भी परेशानी हो तो मुझे फोन करना। हाईजैक की पूरी तैयारी है। शख्स ने फोन पर यह भी कहा कि सारा एक्सेस मेरे पास है कोई चिंता मत करना।

शख्स की हुई पहचान

क्रू मेंबर ने मामले की शिकायत पुलिस से की। दिल्ली रवाना होने से पहले ही फ्लाइट से पुलिस ने यात्री को गिरफ्तार कर लिया। यात्री हरियाणा का रहने वाला है। इसकी पहचान रितेश जुनेजा 23 साल बताई जा रही है। सूत्रों का कहना है कि यात्री मानसिक रूप से बीमार है। 2021 से उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस ने इस मालमे में IPC की धारा 336 और 505(2) के तहत मामला दर्ज किया है।

बम की धमकी का भी मामला आया था सामने

इससे पहले 9 जून के दिल्ली से मुंबई जा रही विस्तारा की फ्लाइट में बम की धमकी का मामला सामने आया था। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, दिल्ली के सुरक्षा बलों ने विस्तारा एयरलाइंस की दिल्ली-मुंबई फ्लाइट के एक यात्री को बम की धमकी की शिकायत के बाद गिरफ्तार किया था। इसकी पहचान उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के रहने वाले अजीम खान के रूप में हुई है। एक महिला पैसेंजर की शिकायत पर उसके खिलाफ कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आईजीआई एयरपोर्ट पुलिस को सौंप दिया गया।जानकारी के मुताबिक विस्तारा एयरलाइंस की दिल्ली से मुंबई जाने वाली फ्लाइट संख्या यूके-941 में एक शख्स को बम का जिक्र करते हुए सुनकर महिला पैसेंजर ने फौरन फ्लाइट के क्रू मेंबर से शिकायत की। फ्लाइट में हंगामा शुरू होने पर सीआईएसएफ को इसकी सूचना दी गई। सीआईएसएफ के अधिकारियों ने आरोपी को फ्लाइट से उतार लिया।