मुंबई की अंधेरी मैजिस्ट्रेट कोर्ट ने अभिनेत्री कंगना रनौत और उनकी बहन रंगोली चंदेल को समन जारी किया है। कंगना ने एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में अभिनेता आदित्य पंचोली के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी जिसके बाद उन्होंने 2017 में कंगना के खिलाफ आपराधिक मानहानि का केस दायर किया था। सुनवाई के दौरान कोर्ट में हाजिर नहीं होने पर दोनों को यह समन जारी किया गया है।
कंगना ने चैनल से बातचीत में अभिनेता के साथ अपने रिश्तों और उन्हें उनके संपर्क में रहते हुए किस तरह की शारीरिक और मानसिक पीड़ा का आरोप लगाया था। इन आरोपों को पंचोली ने निराधार और मनगढ़ंत करार दिया था। उन्होंने कहा है कि यह सभी आरोप बिना किसी सबूत के लगाए गए हैं। जिसकी वजह से मेरी और मेरे परिवार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है।
कंगना ने क्या कहा था: कंगना रनौत ने एक टीवी शो में खुलासा किया कि जब वह अपना करियर बनाने मुंबई आई थीं तब वह एक्टर आदित्य पंचोली के जाल में फंस गई थीं। कंगना ने बताया कि आदित्य ने उन्हें हाउस अरैस्ट कर लिया था और एक बार उनसे बचने के लिए कंगना को पहली मंजिल की खिड़की से छलांग लगानी पड़ी थी। कंगना ने बताया कि मुंबई आने के बाद वह आम तौर पर नए लोगों पर भरोसा कर लेती थीं। इसी बीच जब वह आदित्य से मिलीं तो उन्होंने कंगना को एक फ्लैट दिलाया जिसमें वह किसी को भी आने जाने नहीं देते थे। कंगना को हाउस अरैस्ट कर लिया गया था। उन्होंने आदित्य पंचोली यौन शोषण के आरोप लगाए।
सलमान के खिलाफ अपराधिक शिकायत दर्ज: मुंबई की अंधेरी में मेट्रोपॉलिटिन मजिस्ट्रेट कोर्ट में एक्टर सलमान खान के खिलाफ अपराधिक शिकायत दर्ज की गई है। एक वरिष्ठ पत्रकार अशोक पांडे ने सलमान पर बदतमीजी करने का आरोप लगाते हुए ये शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने मारपीट, लूट धमकी देने का केस किया है। पत्रकार ने आरोप लगाया है कि अप्रैल में जब सलमान खान साइकिल पर सवार थे और वह फोन से उनकी वीडियो बना रहे थे तो उन्होंने उनका फोन छीन लिया जबकि उन्होंने वीडियो बनाने के लिए उनके बॉडीगार्ड से इजाजत मांग ली थी।