पूरी दुनिया कोरोना के कारण महामारी व महा आर्थिक संकट से जूझ रही है। वहीं पूंजीपतियों की संपत्ति व अरबपतियों की संख्या बढ़ रही है। हुरून ग्लोबल रिच लिस्ट 2021 के अनुसार भारत में अरबपतियों की संख्या बढ़कर 177 हो गई है। इस दौरान अंबानी व अडानी की संपत्ति तेजी से बढ़ी है।

रिपोर्ट के मुताबिक रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी दुनिया के 8वें सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। मुकेश अंबानी की संपत्ति पिछले एक साल में 24 फीसदी बढ़ी है और वे 83 बिलियन अमेरिकी डॉलर की संपत्ति के साथ सबसे धनी भारतीय हैं। यह भारतीय करेंसी में 6.09 लाख करोड़ रुपये के करीब बैठती है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख ने फॉर्च्यून में 24 प्रतिशत की छलांग लगाई और वैश्विक स्तर पर हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट के अनुसार एक स्थान ऊपर चढ़कर आठवें सबसे अमीर बन गए हैं।

हुरून ग्लोबल रिच लिस्ट 2021 में जगह बनाने वाले अन्य भारतीय अरबपतियों में गौतम अडानी हैं। अडानी की संपत्ति में चौतरफा बढ़ोतरी हुई। 2020 में उनकी संपत्ति लगभग दोगुनी होकर 32 अरब डॉलर यानी 2.34 लाख करोड़ रुपये की हो गई। वह भारत के दूसरे सबसे अमीर हैं वहीं विश्व सूची में वह 20 पायदान छड़कर विश्व के 48वें सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं।

आईटी कंपनी एचसीएल के शिव नडार 27 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ तीसरे सबसे अमीर भारतीय हैं। शिव नडार के पास 1.94 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति है और उनकी वैश्विक स्तर पर 58वीं रैंक है। इसके अलावा 1.40 लाख करोड़ की संपत्ति के साथ लक्ष्मी एन मित्तल 104वीं रैंक और 1.35 लाख करोड़ की संपत्ति के साथ साइरस पूनावाला 113वीं रैंक में हैं।

हुरून ग्लोबल रिच लिस्ट 2021 में टॉप पर टेस्ला के एलन मस्क रहे। उनकी दौलत एक साल के अंदर 328 फीसदी बढ़कर 197 अरब डॉलर हो गई। केवल एक साल में मस्क की दौलत में 151 अरब डॉलर का इजाफा हुआ।