बिजनेसमैन मुकेश अंबानी और उनके बेटे आकाश अंबानी ने शनिवार को महाशिवरात्रि पर गुजरात के सोमनाथ मंदिर ट्रस्ट में डेढ़ करोड़ रुपये का दान किया। कल वे शिवरात्रि पर सोमनाथ मंदिर में पूजा अर्चना करने के लिए गए थे। इस दौरान दोनों ने महादेव का रुद्राभिषेक भी किया। अंबानी परिवार काफी धार्मिक है और उन्हें कई महत्वपूर्ण मौकों पर अलग-अलग जगहों पर पूजा और दान करते देखा गया है।

सोमनाथ मंदिर ट्रस्ट में दान किए डेढ़ करोड़ रुपये

शनिवार को महाशिवरात्रि के मौके पर जब रिलांयस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और आकाश अंबानी सोमनाथ मंदिर पहुंचे, तो मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष पीके लाहिड़ी और सचिव योगेंद्रभाई देसाई ने उनका स्वागत किया। मंदिर के पुजारी ने उन्हें चंदन का लेप और एक स्टॉल भेंट किया। अंबानी परिवार परंपराओं में निहित हैं और सभी हिंदू त्योहारों को उत्साह के साथ मनाते हैं। जानकारी के मुताबिक, उन्होंने महादेव की पूजा-अर्चना की और रुद्राभिषेक किया। इस दौरान अंबानी परिवार की ओर से सोमनाथ मंदिर ट्रस्ट को 1.51 करोड़ रुपये दान दिया गया।

मुकेश अंबानी और आकाश अंबानी को चंदन और शॉल ओढ़ाकर किया गया स्वागत

सोमनाथ मंदिर में दर्शन के लिए गए मुकेश अंबानी और आकाश अंबानी का मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष पीके लाहिड़ी और सचिव योगेंद्र देसाई ने स्वागत किया। इस दौरान, दोनों को चंदन लगाकर और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। दोनों ने शिवरात्रि पर सोमनाथ मंदिर में महादेव का विधिवत पूजन किया और भोलेनाथ रुद्राभिषेक भी किया। मंदिर में पूजा करते हुए उनकी तस्वीरें भी सामने आई हैं।

सोमनाथ मंदिर प्राचीन मंदिरों में से एक है, जो गुजरात में स्थित है। यह ऐतिहासिक शिव मंदिर है। इसे भारत के 12 ज्योतिर्लिंगों में पहले ज्योतिर्लिंग के रूप में माना जाता है। इस मंदिर का निर्माण चंद्रदेव ने कराया था।

इससे पहले सितंबर महीने में मुकेश अंबानी ने आंध्र प्रदेश के तिरुमाला में भगवान वेंकटेश्वर मंदिर का दौरा किया था। इस दौरान, अंबानी परिवार की तरफ से मंदिर में 1.5 करोड़ रुपये का चढ़ावा चढ़ाया गया था। इस मौके पर मुकेश अंबानी के साथ उनेक बेटे अनंत अंबानी की मंगेतर राधिका मर्चेंट भी मौजूद थीं।