भरतनाट्यम की मशहूर नृत्यांगना मृणालिनी साराभाई नहीं रहीं। वह 97 साल की थीं। वह बढ़ती उम्र के साथ होने वाली कई परेशानियों से जूझ रही थीं। उनके बेटे कार्तिकेय साराभाई ने बताया कि उन्हें संक्रमण के बाद अहमदाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार रात से उनकी हालत खराब हो गई थी। गुरुवार को उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।
मृणालिनी साराभाई के निधन की जानकारी उनकी बेटी मल्लिका साराभाई ने फेसबुक के जरिए दी। उन्होंने पोस्ट लिखा- ‘मेरी मां मृणालिनी साराभाई अभी-अभी अलौकिक नृत्य के लिए हमें छोड़ कर चली गईं।’ मृणालिनी साराभाई नृत्य में शिक्षा लेने के बाद अमेरिकन अकेडमी ऑफ ड्रामैटिक आर्ट्स में भी रही थीं। अमेरिका से भारत लौटने के बाद उन्होंने नृत्य को कॅरिअर के रूप में अपनाया। 1948 में उन्होंने अहमदाबाद में एक इंस्टीट्यूट भी खोला। यहां उन्होंने हजारों डांसर्स और कोरियोग्राफर्स तैयार किए।