देश में चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं के अजीबोगरीब संकल्प चर्चा का विषय रहे हैं। मध्य प्रदेश में भी सरकार बनने के बाद कार्यकर्ताओं के अनोखे संकल्प सामने आ रहे हैं। कई लोगों की सौगंध मुख्यमंत्री कमलनाथ ने खत्म कराई है। ऐसे ही एक कार्यकर्ता का संकल्प मुख्यमंत्री ने विधानसभा भवन में पूरा कराया। कार्यकर्ता ने कसम ले रखी थी कि जब तक मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं बनेगी तब तक वह अपने बाल नहीं कटवाएगा। ऐसे में 15 सालों के दौरान उसके बाल बढ़कर लंबी चोटी का रूप धारण कर चुके थे। जबलपुर करे रहने वाले मनोज नामदेव के इस संकल्प के बारे में सीएम कमलनाथ को पता चला। गुरुवार को विधानसभा पहुंचे नामदेव की चोटी काटकर कमलनाथ ने उनका संकल्प पूरा कराया।
इससे पहले राजगढ़ में एक कार्यकर्ता का नाम सामने आया था जिसने 15 सालों से जूता-चप्पल पहनना बंद कर दिया था। दुर्गालाल किरार नाम के इस कार्यकर्ता ने संकल्प ले रखा था कि जब तक प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं बनेगी तब तक वह जूता-चप्पल नहीं पहनेगा. कांग्रेस की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दिग्विजय सिंह और दूसरे नेताओं की मौजूदगी में खुद दुर्गालाल को जूते पहनवाए थे।
दुर्गालाल को जूते पहनाने के बाद खुद मुख्यमंत्री कमलनाथ ने 25 दिसंबर को ट्वीट करके इस बात की जानकारी दी थी। उन्होंने लिखा, “आज निवास पर राजगढ़ के कार्यकर्ता श्री दुर्गा लाल किरार से मिलकर उन्हें जूते पहनाए, उन्होंने संकल्प लिया था कि जब तक प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं बनेगी तब तक जूता नहीं पहनेंगे। ऐसे कार्यकर्ता को सलाम है जो पूरी निष्ठा से कांग्रेस के लिए दिन रात मेहनत करते हैं।”
आज निवास पर राजगढ़ के कार्यकर्ता श्री दुर्गा लाल किरार से मिलकर उन्हें जूते पहनाएं,
उन्होंने संकल्प लिया था कि जब तक प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नही बनेगी तब तक जूता नहीं पहनेंगे ।
ऐसे कार्यकर्ताओं को सलाम है जो पूरी निष्ठा से कांग्रेस के लिए दिन रात मेहनत करते है । pic.twitter.com/qTOD1FAZ8u— Kamal Nath (@OfficeOfKNath) December 26, 2018