मुस्लिमों के धर्मस्थल मस्जिद के दरवाजे सभी धर्मों के लोगों के लिए खोल दिए गए हैं। ऐसा सिर्फ एक मस्जिद में हो रहा है। यहां हर गरीब बीमार अपना दर्द बताने आता है। यह मस्जिद तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में है। इस मस्जिद में स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराई जा रही हैं। यह नेक काम एक एनजीओ की मदद से किया जा रहा है। इससे मस्जिद के आस पास के करीब 9 स्लम एरिया में रह रहे लोगों को फायदा पहुंचेगा।
यहां धर्म की बेड़ियां टोटकर मस्जिद में सभी लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। मस्जिद कमिटी ने लोगों को ध्यान में रखते हुए ने एनजीओ हेल्पिंग हैंड फाउंडेशन (एचएचएफ) से हाथ मिलाया है। एनजीओ के मैनेजिंग ट्रस्टी मुज्तबा अस्करी ने बताया कि, वह कोई ऐसा ही इलाका चाहते थे, जिसमें स्वास्थ्य केंद्र संचालित किया जा सके। वे चाहते थे कि अगर स्लम एरिया हैं तो ज्यादा से ज्यादा गरीबों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल पाएंगी।
उन्होंने आगे कहा, इस मस्जिद के चारों ओर 9 स्लम बस्ती हैं। इनकी आबादी करीब 1.50 लाख है। इसके पीछे मुख्य उद्देश्य यहां रहे लोगों को बेहतर इलाज के साथ सरकार द्वारा चलाई जा रही स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देना है। जो लोगों को मालूम ही नहीं है। उन्होंने कहा, यहां से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। करीब 40 से 50 लोग रोजाना इलाज के लिए आते हैं।
एनजीओ के मैनेजर फरीद ने कहा, हम बीते 13 साल से यह काम कर रहे हैं। हमारी पहुंच करीब 30 अस्पतालों तक हैं। जहां हमारे वालंटियर काम भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा, यहां आने वाले मरीजों का उनकी तबीयत के हिसाब से पूरा ध्यान रखा जाता है। जरूरत पड़ने पर बेहतर सुविधाओं वाले अस्पताल भी भेजा जाता है। इतनी ही नहीं एनजीओ मरीजों के आने जाने और अन्य खर्चे भी उठाती है।