झारखंड के दुमका में एक स्पेनिश महिला के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म हुआ। इस घटना के 40 घंटे से अधिक समय बीत गए हैं और केवल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को कहा कि वे बचे हुए आरोपियों की तलाश कर रहे हैं और उन्हें पकड़ने के लिए एक एसआईटी का गठन किया गया है।

पीड़ित महिला के अनुसार शुक्रवार की रात जब वह और उसका साथी बाइक से यात्रा के दौरान रात के लिए दुमका रुके तो सात लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। झारखंड के पुलिस महानिदेशक अजय कुमार सिंह ने पहले द इंडियन एक्सप्रेस को बताया था कि सभी सात आरोपियों की पहचान कर ली गई है और चार को गिरफ्तार कर लिया गया है। रविवार को 28 वर्षीय ट्रैवल व्लॉगर महिला ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में अपने चेहरे पर चोट के निशान दिखाए थे। उसने पोस्ट में लिखा था, “मुझे लगा कि हम मरने वाले हैं। ईश्वर का शुक्र है कि हम जीवित हैं।”

इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए दुमका के पुलिस अधीक्षक पीतांबर खेरवार ने कहा, “गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।” पुलिस ने आरोपियों के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार रात करीब 11 बजे एक पुलिस दल की नजर एक जोड़े पर पड़ी जो हिंदी या अंग्रेजी बोलने में असमर्थ थे।

एक सूत्र ने कहा, “उन्हें देखकर ऐसा लग रहा था कि उनके साथ कुछ अप्रिय घटना घटी है। अस्पताल ले जाते समय पता चला कि वे पश्चिम बंगाल से नेपाल जा रहे थे और शाम 5 बजे हंसडीहा थाना के कुरमाहाट गांव पहुंचे थे। करीब 2 किलोमीटर दूर कुंजी बस्ती के पास उन्होंने जंगल में रात बितायी।”

सूत्र ने कहा कि दंपति ने आराम करने के लिए एक अस्थायी शिविर बनाया था, लेकिन 7 लोगों का एक ग्रुप उनके शिविर में पहुंच गया। एक पुलिस सूत्र ने कहा, “कपल ने स्थानीय पुलिस या प्रशासन को सूचित नहीं किया था कि वे कुरमाहाट जंगल में शिविर लगा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही कार्रवाई की गई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जरमुंडी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है। जल्द ही बचे आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एफएसएल टीम द्वारा वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य इकठ्ठा किए जा रहे हैं।”