MP New CM Face: भाजपा ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर मोहन यादव को चुना है। वह राज्य के अगले सीएम होंगे। बीजेपी विधायक दल की बैठक में विधायक दल के नेता के रूप में उनके नाम का चयन किया गया। वह उज्जैन दक्षिण से विधायक हैं। वह शिवराज सिंह चौहान की सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री थे। खुद शिवराज सिंह चौहान ने विधायक दल के नेता के लिए उनके नाम का प्रस्ताव रखा।
मोहन यादव संघ के करीबी हैं और ABVP के जरिए वह सियासत में आए हैं। मोहन यादव (Mohan Yadav) की सरकार में दो डिप्टी सीएम होंगे। उनकी सरकार में जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला डिप्टी सीएम (Madhya Pradesh Deputy CM) के तौर पर काम करेंगे। बीजेपी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर (Narendra Singh Tomar) एमपी विधानसभा के अगले स्पीकर होंगे।
Ph.d हैं मोहन यादव – मोहन यादव ने उच्च शिक्षा हासिल की है। उन्होंने एलएलबी, एमबीए और पी.एच.डी की है। वह साल 1984 में एबीवीपी के उज्जैन नगर मंत्री नियुक्त किए गए थे। साल 1986 में वह विभाग प्रमुख औऱ फिर साल 1988 में एमपी एबीवीपी के प्रदेश सहमंत्री चुने गए। वह साल 1997 में भाजयुमो की प्रदेश कार्य समिति के सदस्य नियुक्त किए गए। साल 2011 से साल 2013 के बीच वह राज्य में दर्जा प्राप्त मंत्री बनाए गए। वह इस बार तीसरी बार विधानसभा चुनाव जीते हैं।
करीब 13 हजार वोटों से जीते चुनाव
मोहन यादव ने हाल ही में एमपी में संपन्न हुए चुनाव में उज्जैन दक्षिण (Ujjain South Assembly Elections Result) से कांग्रेस पार्टी के चेतन प्रेमनारायण यादव को करीब 13 हजार वोटों से हराया। मोहन यादव को इस चुनाव में 95,699 वोट मिले जबकि चेतन यादव को 82,758 वोट हासिल हुए। इससे पहले उन्होंने 2018 और साल 2013 में भी जीत दर्ज की थी।
2018 में मोहन यादव ने 18 हजार वोटों से जीत दर्ज की थी। उन्हें 78,178 वोट मिले थे जबकि कांग्रेस के राजेंद्र वशिष्ठ को 59,218 वोट हासिल हुए थे। साल 2013 में उन्होंने करीब 10 हजार वोटों से जीत दर्ज की थी। मोहन यादव को 2013 में 73,108 वोट जबकि कांग्रेस को जयसिंह दरबार को 63,456 वोट हासिल हुए।