कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को प्रयागराज के अपने दौरे पर जब संगम के घाट पर पूजा की तो लोगों का ध्यान उनके साथ मौजूद एक लड़की की तरफ गया। दरअसल, वो उनकी बेटी मिराया वाड्रा थीं। अक्सर लाइमलाइट से दूर रहने वाली मिराया बास्केटबॉल प्लेयर हैं। वो हरियाणा की तरफ से नेशनल लेवल पर खेल चुकी हैं।
रॉबर्ट वाड्रा के साथ लव मैरिज करने वाली प्रियंका के दो बच्चे बेटा रेहान और बेटी मिराया हैं। रेहान बड़ा है, जबकि मिराया उससे 3 साल छोटी है। मिराया का जन्म 2002 में दिल्ली में हुआ था। प्रियंका के दोनों बच्चों का स्पोर्ट्स में इंटरेस्ट है। बेटी मिराया बॉस्केटबॉल खेलती हैं तो बेटे रेहान को शूटिंग पसंद हैं। कुछ साल पहले रेहान राजस्थान की एक शूटिंग रेंज में निशाना लगाते भी दिखे थे। मिराया ने अपने शानदार प्रदर्शन से कई बार हरियाणा की टीम को जीत दिलाई है। पिछले साल मिराया ने अपनी टीम को 42वीं सब जूनियर राष्ट्रीय बॉस्केटबाल चैंपियनशिप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। कद काठी अच्छी होने की वजह से मिराया एक अच्छी बास्केटबॉल खिलाड़ी बनीं।
प्रियंका अक्सर अपने बच्चों को सपोर्ट करने और उनके गेम्स देखने पहुंचती हैं। प्रियंका मिराया के एडमिशन के लिए अजमेर के मेयो कॉलेज गर्ल्स स्कूल में भी देखी गई थीं। दरअसल, तब उनका यह दौरा इस वजह से सुर्खियों में आ गया था, क्योंकि जयपुर से अजमेर जाते वक्त प्रियंका वाड्रा के काफिले के वाहन ने टोल बूथ पर टक्कर मारकर बूम को तोड़ दिया था।
आज मौनी अमावस्या के दिन देश भर के बहनों भाइयों संग पवित्र संगम पर स्नान का सौभाग्य प्राप्त हुआ। बहुत दिनों से गंगा जी में नाव चलाने की साध भी पूरी हुई।
जय माँ गंगे pic.twitter.com/hUNWeSJkbf
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) February 11, 2021
मिराया देहरादून के वेलहम गर्ल्स कॉलेज की छात्रा रही हैं। मिराया पहली बार तब सुर्खियों में आईं जब उन्हें अपनी मां के साथ अमेठी में हुए एक रोड शो के दौरान देखा गया। यह पहली बार था जब प्रियंका अपनी बेटी के साथ किसी चुनावी कार्यक्रम में नजर आईं। हालांकि, मिराया की पढ़ाई और स्कूल से जुड़ी सारी जानकारी को सीक्रेट रखा गया था। उसके स्कूल के दोस्तों को भी नहीं पता था वह किसकी बेटी हैं। मिराया को अपने बारे में किसी को जानकारी न देने के यह निर्देश स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) की ओर से दिए गए थे।