एंटीगुआ के पीएम गैस्टन ब्राउन ने कहा है कि हीरा व्यापारी मेहुल चोकसी अपनी गर्लफ्रेंड के साथ तफरीह करने डोमिनिका गया था। पीएम ने रविवार को एक लोकल रेडियो स्टेशन से बातचीत के दौरान ये बात कही। ब्राउन का कहना है कि डोमिनिका चोकसी को भारत निर्वासित कर सकता है। उनका कहना है कि चोकसी मामले में प्रत्यर्पण का सवाल नहीं उठता, क्योंकि वो गैरकानूनी तरीके से वहां गया था।

ब्राउन ने रेडियो चैनल से कहा कि भारत सरकार ने यह साबित करने के लिए कुछ दस्तावेज भेजे हैं कि वह वास्तव में एक भगोड़ा है। जबकि उन्हें लगता है कि इनका उपयोग अदालती मामले में किया जाएगा। डोमिनिका की कोर्ट ने बुधवार तक उसके निर्वासन पर रोक लगा दी है, इसीलिए भारत सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है कि उसे मुकदमा चलाने के लिए भारत वापस लाया जाए। ब्राउन ने कहा कि भारत से एक निजी जेट डोमिनिका के एयरपोर्ट पर पहुंचा।

गौरतलब है कि एंटीगुआ के पीएम ने कहा था कि वह चोकसी को अपने देश में वापस नहीं लेंगे। वो चाहते हैं कि उसे सीधे भारत वापस ले जाया जाए। डोमिनिका कोर्ट में मामले की दोबारा सुनवाई दो जून को होगी। मेहुल चोकसी पर लगभग 13 हजार 500 करोड़ के पीएनबी घोटाले का आरोप है।

शनिवार को, करोड़ों रुपये के पीएनबी घोटाले के आरोपी की पहली तस्वीरें जारी की गई। वो जेल में बंद था। उसकी आंख में सूजन और हाथ पर चोट के निशान थे। पिछले तीन वर्षों में चोकसी की ये पहली सार्वजनिक तस्वीरें थीं, जो घोटाले के सामने आने से पहले भारत से भागने के बाद सामने आई है। मेहुल चोकसी को डोमिनिका पुलिस ने बुधवार शाम को कथित तौर पर लापता होने के बाद गिरफ्तार कर लिया था। तब से वह डोमिनिका पुलिस की हिरासत में है।

उधर, मेहुल के वकील का कहना है कि उसके क्लाइंट को अगवा करके डोमेनिका की पुलिस ने थर्ड डिग्री टार्चर दिया। हालांकि, वहां की पुलिस ने इस आरोप को बेसिरपैर का बताया है। ब्राउन का कहना है कि मेहुल ने डोमेनिका जाकर सबसे बड़ी गलती की।