Manoj C G , Liz Mathew , Abantika Ghosh

यौन उत्पीड़न के मामलों में घिरे पूर्व केन्द्रीय मंत्री एमजे अकबर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। आरोपों के बाद एमजे अकबर को मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। अब खबर आयी है कि राज्यसभा की आचार समिति भी एमजे अकबर के खिलाफ कार्रवाई कर सकती है। जिसके तहत एमजे अकबर को संसद सदस्यता से भी बर्खास्त किया जा सकता है। दरअसल एमजे अकबर पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाने वाली कुछ महिला पत्रकार राज्य सभा की आचार समिति के संपर्क में हैं। समिति के एक सदस्य ने पहचान उजागर ना करने की शर्त पर बताया कि महिला पत्रकारों ने यह मामला समिति के समक्ष उठाया है। बता दें कि एमजे अकबर साल 2016 में मध्य प्रदेश से राज्यसभा पहुंचे हैं।

गौरतलब है कि राज्यसभा की आचार समिति ऊपरी सदन के सदस्यों के आचार विचार से संबंधित मामलों को देखती है। समिति सदस्यों के लिए कोड ऑफ कंडक्ट तैयार करती है और फिर इसका पालन सुनिश्चित करती है। यदि कोई सदस्य अनैतिक व्यवहार या नियमों को तोड़ने का आरोपी साबित होता है तो समिति उस सदस्य पर एक या एक से ज्यादा प्रतिबंध लगा सकती है। इनमें संसद सदस्यता से बर्खास्तगी और अन्य प्रतिबंध शामिल हैं। राज्यसभा की आचार समिति के सदस्य और टीआरएस सांसद के.केशवा राव का इस मामले पर कहना है कि जब तक संसद की आचार समिति के सामने मामला नहीं आता है, तब तक वह इन्हें आरोप ही मानेंगे। हालांकि एमजे अकबर के खिलाफ लगे आरोप काफी गंभीर हैं और आचार समिति नियमों के आधार पर इस मामले में कार्रवाई करेगी।

आचार समिति की अगली बैठक में एमजे अकबर के मामले की उठने की उम्मीद है। सूत्रों के अनुसार, पीड़ित महिला पत्रकारों को सलाह दी गई है कि वह, सभापति एम. वेंकैया नायडु के रेस्पॉन्स का इंतजार ना करें और समिति के सदस्यों को सीधे तौर पर लिखित में अपनी शिकायत दें। दरअसल इसके पीछे सोच है कि इससे एमजे अकबर पर संसद सदस्यता से इस्तीफा देने का दबाव पड़ेगा। हालांकि अभी तक किसी महिला पत्रकार द्वारा लिखित में शिकायत नहीं दी गई है। वहीं लोकसभा के पूर्व महासचिव पी.डी.टी आचार्य का इस मसले पर कहना है कि ‘यह मामला राज्यसभा की आचार समिति के प्रभाव से बाहर का मामला है। समिति किसी सांसद के पूर्व में किए गए व्यवहार के लिए उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर सकती। संसद की आचार समिति सिर्फ कार्यकाल के दौरान किए गए अनैतिक व्यवहार के लिए सदस्य के खिलाफ कार्रवाई कर सकती है।’