मालदीव के पूर्व उप राष्ट्रपति अहमद अदीब को गुरुवार (1 अगस्त 2019) को अवैध रूप से भारत में घुसने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। जांच एजंसियों ने अदीब को तमिलनाडु के तूतीकोरिन से गिरफ्तार किया है। अदीब ने समुद्री रास्ते से भारत में दाखिल होने की कोशिश की जिसे भारतीय एजेंसियों ने नाकाम कर दिया। तूतीकोरिन पोर्ट (तमिलनाडु) अथॉरिटी ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। अथॉरिटी ने कहा कि मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति अहमद अदीब को गिरफ्तार किया गया है। वहीं विदेश मंत्रालय ने कहा है कि हम मीडिया रिपोर्ट्स पर संज्ञान ले रहे हैं और साथ ही मालदीव की सरकार से भी संपर्क कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि पूर्व उप राष्ट्रपति कार्गो जहाज विर्गो 9 में सवार थे और खुद को क्रू का सदस्य बता रहे थे। जहाज इंडोनेशिया में सामान पहुंचाकर भारत की तरफ लौट रहा था। इंडोनेशिया से वापस लौटते हुए जहाज में नौ क्रू सदस्य थे। इनमें 8 इंडोनेशिया और बोस्को नाम का एक भारतीय शामिल था। तूतीकोरिन पोर्ट अथॉरिटी ने अदीब के जहाज में होने की सूचना दी तो कस्टम, कोस्ट गॉर्ड और खुफिया विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और उनसे गहन पूछताछ की। बता दें कि अदीब 22 जुलाई से 5 नवंबर 2015 तक मालदीव के उप राष्ट्रपति के पद पर रह चुके हैं।

सूत्रों के मुताबिक मामले में अभी गहनता से जांच चल रही है। अदीब से लगातार पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही जहाज मे सवार लोगों से भी पूछा जा रहा है कि अदीब कब, कहां और कैसे जहाज में सवार हुए और इसमें किसने उनकी मदद की। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आखिर वह गैर कानूनी तरीके से भारत में क्यों दाखिल होना चाह रहे थे और ऐसा करने के पीछे उनका मकसद क्या था। मालूम हो कि अदीब मालदीव में आतंकवाद और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों में ट्रायल का सामना कर रहे हैं। उन पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं।