दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल सक्रिय हो गए हैं। दिल्ली की सत्ताधारी पार्टी AAP ने पिछले दिनों में बड़े ऐलान किए हैं। आज (सोमवार) से दिल्ली सरकार की ‘महिला सम्मान योजना’ के लिए रजिस्ट्रेशन चालू होगा। यह ऐलान पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने किया था। जानकारी के मुताबिक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि संजीवनी योजना की शुरूआत भी इसके साथ ही होगी। 

क्या है ‘महिला सम्मान योजना’? 

आम आदमी पार्टी ने अपने घोषणा पत्र (2024-25) में मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना की घोषणा की थी। इस योजना के तहत 18 साल से ऊपर की हर महिला को 1000 रूपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ऐलान किया था कि अगर एक बार फिर वह सत्ता में लौटते हैं तो यह रकम बढ़ा कर 2100 कर दी जाएगी। पूर्व सीएम ने लिखा,”हमने हाल ही में दिल्ली के लोगों के लिए 2 बड़ी योजनाओं की घोषणा की थी। महिला सम्मान योजना और संजीवनी योजना। कल से हमारी टीम घर-घर जाकर इन दोनों योजनाओं का रजिस्ट्रेशन करेगी। इसमें रजिस्ट्रेशन कराने के लिए आपका दिल्ली का वोटर कार्ड होना बहुत ज़रूरी है।”

Delhi Tableau Rejected: गणतंत्र दिवस की परेड में फिर नहीं दिखेगी दिल्ली की झांकी, कौन लेता है यह फैसला?

कैसे होगा रजिस्ट्रेशन?

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना के लिए रजिस्ट्रेशन घर बैठे किया जा सकेगा। केजरीवाल ने कहा,”महिला को इसके लिए कहीं जाने की जरूरत नहीं है, हमारे कार्यकर्ता खुद आकर पंजीकरण करेंगे।”

केजरीवाल ने कहा कि जो बेटियां पढ़ाई छोड़ने पर मजबूर हो जाती हैं, उन्हें हर महीने 2100 रूपये मिलने से काफी मदद मिल सकेगी। इसके लिए वोटर आईडी का होना जरूरी है। दिल्ली में सभी पात्र महिलाओं को इस योजना का फायदा मिल सकेगा। पंजीकरण के लिए आम आदमी पार्टी की ओर से बनाई गई टीमें हर घर जाकर पंजीकरण करेंगी और महिलाओं को केजरीवाल कवच कार्ड देंगी। इसके अलावा अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की है कि संजीवनी योजना के लिए पंजीकरण सोमवार को ही शुरू होगा।