पुणे में काला जादू का असर खत्म करने के नाम पर महिलाओं को हवस का शिकार बनाने का मामला सामने आया है। मामला पुणे के समर्थ पुलिस स्टेशन का है। यहां एक स्वयंभू बाबा पर काला जादू का असर खत्म करने के नाम पर यौन उत्पीड़न और महिलाओं को ब्लैकमेल करने के आरोप में केस दर्ज कराया गया है।
समर्थ पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर के अनुसार 68 वर्षीय नंदकुमार वसंत भागवत और उसका बेटा 35 वर्षीय अभिजीत इस मामले में आरोपी हैं। ये दोनों रसता पेठ में रहते हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी पैसों के लालच में कई सालों से महिलाओं का कथित रूप से यौन शोषण कर रहा था।
रविवार को महिलाओं के एक समूह ने आरोपी पिता और पुत्र की जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद इन दोनों को पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने बताया कि ये दोनों काला जादू का असर खत्म करने के नाम पर महिलाओं को झांसा देते थे। इतना ही नहीं इन दोनों ने कथित रूप से महिलाओं का यौन उत्पीड़न किया।
ये लोग महिलाओं का यौन उत्पीड़न करने के साथ ही घटना का वीडियो भी बना लेते थे। इसके बाद वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने के नाम पर महिलाओं को ब्लैकमेल करते थे। पुलिस ने इस मामले में शिकायत के बाद संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
इस मामले में समर्थ पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि हमने एक महिला की शिकायत पर केस दर्ज किया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें लगता है कि इन दोनों ने कई अन्य महिलाओं को भी अपना शिकार बनाया है। पुलिस की तरफ से इस मामले में जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि ये दोनों ऐसी महिलाओं को अपना शिकार बनाते थे जो वित्तीय परेशानी का सामना कर रही होती थीं या फिर उनके परिवार में कलह या अन्य दिक्कतों की स्थिति होती थी।