Maharashtra Government Cabinet Expansion Today News Updates: महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे सरकार ने आज कैबिनेट विस्तार किया है। इसके तहत महाराष्ट्र में 25 कैबिनेट मंत्रियों और 10 राज्यमंत्रियों ने शपथ ली। वर्ली विधानसभा सीट से विधायक और सीएम उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे ने भी कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली।

चुनाव मैदान में बतौर प्रत्याशी उतरने वाले ठाकरे परिवार के पहले सदस्य आदित्य ठाकरे ने अपने पिता उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना-राकांपा-कांग्रेस की गठबंधन सरकार में सोमवार को मंत्री पद की शपथ ली। आदित्य ठाकरे के बारे में माना जा रहा है कि वह पार्टी और सरकार दोनों में ज्यादा अहम भूमिका में नजर आ सकते हैं।

वहीं अजित पवार को डिप्टी सीएम बनाया गया है। अजित पवार इससे पहले भी कांग्रेस की सरकार में डिप्टी सीएम का पद संभाल चुके हैं। कांग्रेस से अशोक चव्हाण, केसी पद्वी, अमित देशमुख, सुनील केदार, यशोमति ठाकुर समेत अन्य विधायकों ने भी आज कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली है।

अजित पवार, 10 साल बने रहे चाचा के ढाल, ऐसा रहा सियासी सफर

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक महाराष्ट्र में PMO की तर्ज पर CMO बनाने की तैयारी है। इसमें आदित्य ठाकरे को बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। इसके तहत मुख्यमंत्री कार्यालय के पूरे कामकाज को संभाला जाएगा।

Live Blog

Highlights

    16:32 (IST)30 Dec 2019
    उद्धव ठाकरे की कैबिनेट में आदित्य को छोड़कर मुंबई विधायकों को नहीं मिली जगह

    खास बात ये है कि इस बार कैबिनेट में मुंबई से किसी विधायक को मंत्री नहीं बनाया जा रहा है, सिर्फ आदित्य ठाकरे को ही मौका मिला है।

    16:18 (IST)30 Dec 2019
    अमित देशमुख ने भी ली मंत्री पद की शपथ

    महाराष्ट्र के पूर्व सीएम और दिवंगत कांग्रेस नेता विलासराव देशमुख के बेटे अमित देशमुख ने भी आज महाराष्ट्र सरकार में बतौर मंत्री शपथ ली।

    15:13 (IST)30 Dec 2019
    उद्धव ठाकरे कैबिनेट में शामिल हुए आदित्य ठाकरे

    आदित्य ठाकरे ने ली मंत्री पद की शपथ

    14:31 (IST)30 Dec 2019
    महाराष्ट्र सरकार के मंत्रीमंडल में शामिल हुए नवाब मलिक

    एनसीपी नेता नवाब मलिक ने ली मंत्री पद की शपथ

    14:06 (IST)30 Dec 2019
    आदित्य ठाकरे ने ली शपथ

    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे ने भी कैबिनेट मंत्री के पद की शपथ ली है। आदित्य ठाकरे वर्ली सीट से जीत कर विधायक बने हैं। पहली बार विधायक बनने वाले आदित्य ठाकरे महाराष्ट्र कैबिनेट के सबसे युवा मंत्रियों में से एक हैं।

    14:03 (IST)30 Dec 2019
    असलम शेख ने ली शपथ

    असलम शेख मुंबई की मलाड सीट से जीते हैं। कांग्रेस के विधायक हैं। लगातार तीसरी बार विधायक बने हैं। असलम शेख ने महाराष्ट्र कैबिनेट में मंत्री पद की शपथ ली है। 

    14:01 (IST)30 Dec 2019
    शंकरराव गडाख ने ली शपथ

    शंकर राव गडाख निर्दलीय जीते हैं। अहमदनगर जिले से विधायक चुनकर आए शंकर राव गडाख ने कैबिनेट मंत्री की  शपथ ली है।

    13:57 (IST)30 Dec 2019
    केसी पाडवी ने ली शपथ

    केसी पाडवी 7 बार विधायक रह चुके हैं। केसी पाडवी अक्कलकुआ विधानसभा सीट से जीत कर आए हैं। केसी पाडवी ने भी कैबिनेट मंत्री के पद की शपथ ली है।

    13:52 (IST)30 Dec 2019
    अनिल परब ने ली शपथ

    मुंबई के विधान भवन में शपथ समारोह आयोजित किया गया था। समारोह में अनिल परब ने भी कैबिनेट मंत्री के पद की शपथ ले ली है। अनिल परब उद्धव ठाकरे के करीबी माने जाते हैं। अनिल शिवेसना के प्रवक्ता भी हैं। इनकी गिनती शिवसेना के कद्दावर नेताओं में होती है।

    13:49 (IST)30 Dec 2019
    यशोमति ठाकुर ने ली शपथ

    यशोमति ठाकुर कैबिनेट मंत्री बन चुकी हैं। उन्होंने आज शपथ ग्रहण किया है। यशोमति ठाकुर विदर्भ की सीट से विधायक हैं। यशोमति लागातर तीसरी बार विधायक बनी हैं।

    13:47 (IST)30 Dec 2019
    बालासाहेब पाटिल ने ली शपथ

    बाला साहेब पाटिल कैबिनेट मंत्री बन चुके हैं। सतारा विधानसभा सीट से बालासाहेब पाटिल एनसीपी के विधायक हैं।

    13:44 (IST)30 Dec 2019
    संदीपन भुमरे ने ली शपथ

    शिवसेना के विधायक संदीपन भुमरे कैबिनेट मंत्री के पद की शपथ ली है। औरंगाबाज जिले की सीट से जीत कर आए संदीपन 7 बार विधायक रह चुके हैं।

    13:41 (IST)30 Dec 2019
    एनसीपी नेता ने ली शपथ

    मुंब्रा कल्वा सीट से जीकर कर आए जितेंद्र आव्हाड ने कैबिनेट मंत्री के पद की शपथ ली है। जितेंद्र आव्हाड पहले भी महाराष्ट्र में मंत्री रह चुके हैं।

    13:40 (IST)30 Dec 2019
    भूसे दादाजी ने ली शपथ

    मालेगांव बाहरी सीट से जीत कर विधायक बने भूसे दादाजी ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली है। शिवसेना के नेता भूसे दादाजी महाराष्ट्र के ग्रामीण विकास राज्यमंत्री रह चुके हैं।

    13:38 (IST)30 Dec 2019
    अमित देशमुख ने ली शपथ

    लातूर शहर  विधानसभा सीट से चुनाव जीत कर आए हैं अमित विलासराव देशमुख। उन्होंने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली है। मशहूर अभिनेता रितेश देशमुख के भाई हैं अमित विलासराव देशमुख। अमित पूर्व सीएम विलासराव देशमुख के बेटे भी हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव भी हैं अमित देशमुख

    13:34 (IST)30 Dec 2019
    शिवसेना के इस फायरब्रांड नेता ने ली शपथ

    शिवसेना के फायरब्रांड नेता गुलाबराव पाटिल जलगांव ग्रामीण सीट से जीत कर आए हैं। गुलाबराव महाराष्ट्र के मंत्री भी रह चुके हैं। गुलाबराव पाटिल ने कैबिनेट मंत्री के पद की शपथ ली है।

    13:32 (IST)30 Dec 2019
    संजय राठौड़ ने ली शपथ

    महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री रह चुके हैं संजय राठौड़। शिवसेना के बड़े नेताओं में से एक हैं। संजय राठौड़ डिगरस सीट से चुनकर विधानसभा पहुंचे हैं।

    13:30 (IST)30 Dec 2019
    सुनील केदार छत्रपाल ने ली शपथ

    सानवेर विधानसभा सीट से चुन कर आए हैं सुनील केदार छत्रपाल। केदार सुनील लगातार तीन बार विधायक रह चुके हैं। महाराष्ट्र में कांग्रेस के बड़े चेहरे हैं सुनील केदार छत्रपाल

    13:28 (IST)30 Dec 2019
    राजेश टोपे ने ली शपथ

    एनसीपी के वरिष्ठ नेता हैं राजेश टोपे। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री भी रह चुके हैं। घनसावंगी विधानसभा सीट से चुनकर राजेश टोपे विधानसभा में आए हैं।

    13:27 (IST)30 Dec 2019
    नवाब मलिक ने ली शपथ

    नवाब मलिक 5 बार विधायक रह चुके हैं। मुंबई एनीसपी के अध्यक्ष हैं। नवाब मलिक एनसीपी के बड़े मुस्लिम चेहरे माने जाते हैं। एनसीपी के राष्ट्रीय स्तर के चेहरे भी हैं। अनुशक्ति विधानसभा सीट से चुन कर आए हैं।

    13:25 (IST)30 Dec 2019
    राजेंद्र शिंगणे ने ली शपथ

    राजेंद्र शिंगणे पांचवीं बार विधायक बने हैं। बुलढाणा के सिंधखेड़ से चुन कर विधानसभा में पहुंचे हैं।

    13:22 (IST)30 Dec 2019
    वर्षा एकनाथ गायकवाड़ ने ली शपथ

    2004 से लगातार 4 बार विधायक रह चुकीं वर्षा एकनाथ गायकवाड़ ने कैबिनेट मंत्री के पद की शपथ ली है। इनके पिता एकनाथ गायकवाड़ कांग्रेस के बड़े नेता हैं। वर्षा एकनाथ गायकवाड़ धारावी सीट से विधायक बनी हैं। एकनाथ गायकवाड़ महाराष्ट्र में कांग्रेस का दलित चेहरा हैं।

    13:20 (IST)30 Dec 2019
    ऐसा रहा अजित पवार का राजनीतिक सफर

    शरद पवार के बड़े भाई अनंतराव के बेटे अजित पवार का राजनैतिक करियर अपने चाचा एनसीपी चीफ शरद पवार के जैसा ही रहा है। शरद पवार की तरह ही अजित पवार ने भी महाराष्ट्र के को-ऑपरेटिव सेक्टर से शुरु कर राज्य की राजनीति में अपनी धाक जमायी। अजित पवार साल 1991-92 से शरद पवार के साथ राजनीति में सक्रिय हैं। क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

    13:18 (IST)30 Dec 2019
    अनिल देशमुख ने ली शपथ

    कटोल विधानसभा सीट से जीत कर विधायक बने अनिल देशमुख एनसीपी के नेता हैं। अनिल देशमुख पूर्व मंत्री भी रह चुके हैं। महाराष्ट्र में किसानों के नेता के तौर पर भी इनकी पहचान है।

    13:12 (IST)30 Dec 2019
    धनंजय मुडे ने ली शपथ

    परली विधानसभा सीट से जीत कर आए एनसीपी नेता धनंजय मुंडे ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ले ली है। धनंजय मुंडे महाराष्ट्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रह चुके हैं। वरिष्ठ नेता गोपानाथ मुंडे के भतीजे भी हैं।

    13:09 (IST)30 Dec 2019
    दिलीप वल्से ने ली शपथ


    दिलीप वल्से ने कैबिनेट मंत्री के पद की शपथ ली है। दिलीप वल्से अंबेगांव विधानसभा सीट से जीत कर विधायक बने हैं। 7 बार विधायक रह चुके दिलीप वल्से की गिनती एनसीपी के बड़े नेताओं के तौर पर होती है।

    13:07 (IST)30 Dec 2019
    अशोक चव्हाण ने ली शपथ

    कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण ने भी मंत्री पद की शपथ ले ली है। अशोक चव्हाण महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री भी रहे हैं। आदर्श घोटाले की वजह से उन्हें अपना पद छोड़ना पड़ा था। कांग्रेस के बड़े नेता अशोक चव्हाण भोकर सीट से जीत कर विधानसभा पहुंचे थे।

    13:05 (IST)30 Dec 2019
    अजीत पवार ने ली शपथ

    एनसीपी के वरिष्ठ नेता अजीत पवार ने मंत्री पद की शपथ ले ली है।