Maharashtra Bandh, Mumbai Bandh Today, Maratha Kranti Morcha, Maratha Aarakshan 2018 News: मराठा संगठनों की तरफ से बुधवार, 25 जुलाई महाराष्‍ट्र बंद का आयोजन किया गया था। हालांकि, दोपहर बाद उन्‍होंने बंद वापस ले लिया। मराठा क्रांति मोर्चा की ओर से कहा गया है कि वह गुरुवार से कोई प्रदर्शन नहीं करेगी। आगे की रणनीति पर बाद में फैसला किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने मराठों को आरक्षण की मांग का समर्थन किया है। एएनआई से अठावले ने कहा, ”मैं प्रदर्शनकर्ताओं से शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील करता हूं। हमें संसद में कानून बनाकर आरक्षण की सीमा को 50 से 75 फीसदी करने की जरूरत है। यह यह मुद्दा एनडीए में भी उठाएंगे।”

बंद के चलते, नवी मुंबई में 4-5 किलोमीटर लंबा जाम लगा हुआ है। प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस ने हवा में फायरिंग की। हालात पर काबू पाने के लिए रैपिड एक्‍शन फोर्स बुलाई गई है। मुंबई-पुणे हाइवे पर भी भारी जाम लगा रहा। नवी मुंबई के एक निजी स्‍कूल ने दोपहर में अचानक स्‍कूल बंद करने की घोषणा कर दी। अभिभावकों को स्‍कूल आकर बच्‍चों को ले जाने का संदेश भेजा गया। गाड़‍ियां लेकर निकले अभिभावक मराठा आंदोलन के जाम में फंस गए। छोटे बच्‍चों को बस से भेजा गया जो कई घंटे जाम में फंसी रहीं।

सेंट्रल रेलवे के पीआरओ के अनुसार, ट्रांसहार्बर लाइन पर ठाणे-वाशी/नेरुल के बीच ट्रेन सेवाएं बाधित हैं। मुंबई और पड़ोसी जिलों ठाणे तथा नवी मुंबई में सरकारी बसों पर हमले हुए हैं। मुंबई के कांजुमार्ग और भांदुप इलाकों में बीईएसटी की दो बसों पर प्रदर्शनकारियों ने हमले किये हैं। परिवहन निगम के एक अधिकारी ने बताया कि बसों पर हो रहे पथराव को ध्यान में रखते हुए बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) ने प्रभावित इलाकों में अपनी सेवा आंशिक रूप से निलंबित कर दी है और हालात सुधरने पर ही उसे पूर्ण रूप से बहाल करेगी।

Live Blog

Maharashtra Mumbai Bandh Today, Maratha Kranti Morcha, Maratha Aarakshan 2018 News:

Highlights

    14:24 (IST)25 Jul 2018
    मुंबई-गोवा हाइवे भी लगा जाम

    मुंबई-गोवा हाइवे पर प्रदर्शनकारियों ने कब्‍जा कर लिया है। रायगढ़ के पास लोगों को समस्‍या हो सकती है। वहीं गंगापुर में 20 प्रदर्शन‍कारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। ठाणे के माजीवाड़ा ब्रिज पर टायर जलाकर विरोध किया गया। यहां जबरन दुकानें बंद कराई गई हैं। मराठा क्रांति मोर्चा के लोगों ने ठाणे में ट्रेन रोक कर प्रदर्शन किया।

    14:05 (IST)25 Jul 2018
    मुंबई-पुणे हाइवे का दृश्‍य

    13:54 (IST)25 Jul 2018
    आरक्षण की मांग का केंद्रीय मंत्री ने किया समर्थन

    केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने मराठों को आरक्षण की मांग का समर्थन किया है। एएनआई से अठावले ने कहा, ''मैं प्रदर्शनकर्ताओं से शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील करता हूं। हमें संसद में कानून बनाकर आरक्षण की सीमा को 50 से 75 फीसदी करने की जरूरत है। यह यह मुद्दा एनडीए में भी उठाएंगे।"

    13:46 (IST)25 Jul 2018
    मानखुर्द में बस जलाई गई, पत्‍थरबाजी
    13:38 (IST)25 Jul 2018
    नवी मुंबई में हिंसक हुए प्रदर्शनकारी, बसों पर की पत्थरबाजी

    नवी मुंबई इलाके में मराठा आंदोलन को लेकर हो रहा प्रदर्शन हिंसक हो गया है। प्रदर्शनकारियों द्वारा 2 बसों पर पत्थरबाजी करने की खबर है,जिसके बाद पुलिस आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को काबू करने का प्रयास कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने कई इलाकों में दुकानों और बाजारों को जबरदस्ती बंद करा दिया है। रायगढ़ जिले के कामोठे में प्रदर्शनाकारियों ने सभी दुकानें आदि बंद करा दिए और इलाके में बाइक रैली निकाली।

    13:24 (IST)25 Jul 2018
    शिवसेना विधायक के साथ प्रदर्शनकारियों ने की बदसलूकी

    शिवसेना विधायक चंद्रकांत खैरे के साथ औरंगाबाद में प्रदर्शनकारियों द्वारा बदसलूकी करने की खबर है। बताया जा रहा है कि शिवसेना विधायक बंद के दौरान मारे गए एक किसान की अंत्येष्टि में शामिल होने पहुंचे थे, तभी उनके साथ बदसलूकी की गई। 

    12:53 (IST)25 Jul 2018
    ठाणे में सरकारी बसों पर पथराव

    प्रदर्शनकारियों ने पड़ोसी ठाणे जिले के वाग्ले एस्टेट इलाके में भी सरकारी परिवहन पर पथराव किया। उन्होंने तीन हाथ नाका जंक्शन सहित कई रास्ते अवरूद्ध कर दिये जिसके कारण मुंबई जाने वाली सड़कों पर भीषण जाम लग गया।

    12:42 (IST)25 Jul 2018
    अहमदनगर में उग्र हुआ प्रदर्शन
    12:26 (IST)25 Jul 2018
    कम हो गई थी एक कांस्‍टेबल की मौत

    महाराष्ट्र में मंगलवार को आयोजित बंद हिंसक हो गया जिसमें प्रदर्शनकारियों के पथराव से एक कांस्टेबल की मौत हो गई जबकि नौ अन्य जख्मी हो गए। प्रदर्शनकारियों ने कई गाड़ियों को भी फूंक दिया और दो प्रदर्शनकारियों ने आत्महत्या करने की कोशिश की। 

    12:13 (IST)25 Jul 2018
    यहां है बंद का सबसे ज्‍यादा प्रभाव

    सरकारी नौकरियों और शिक्षण संस्थानों में आरक्षण की मांग को लेकर हो रहे प्रदर्शनों का नेतृत्व करने वाले मराठा क्रांति मोर्चा ने आज मुंबई और आसपास के कुछ जिलों में बंद का आह्ववान  किया है।  अन्य संगठन सकल मराठी समाज ने नवी मुंबई और पनवेल इलाकों में बंद का आह्ववान  किया है। 

    12:02 (IST)25 Jul 2018
    कई इलाकों में बस सेवा प्रभावित

    नवी मुंबई के घनसोली इलाके में भी एक बस पर हमला हुआ है। घटना के बाद क्षेत्र में बस सेवा निलंबित कर दी गयी है। मुंबई में कई जगहों पर और पड़ोसी रायगढ़ तथा पालघर जिलों में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जमा हैं। प्रदर्शन के कारण पश्चिमी , मध्य , हार्बर और ट्रांस - हार्बर लोकल ट्रेनों पर कोई असर नहीं पड़ा। गौरतलब है कि मुंबई क्षेत्र में करीब 70 लाख लोग रोज लोकल ट्रेनों से यात्रा करते हैं। 

    11:51 (IST)25 Jul 2018
    फडणवीस और पाटिल के खिलाफ नारेबाजी

    कुछ जगहों पर प्रदर्शनकारियों ने मराठा समुदाय का कथित रूप से अपमान करने के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस और लोक निर्माण मंत्री चन्द्रकांत पाटिल के खिलाफ नारेबाजी की। अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शन के कारण पश्चिमी , मध्य , हार्बर और ट्रांस - हार्बर लोकल ट्रेनों पर कोई असर नहीं पड़ा। गौरतलब है कि मुंबई क्षेत्र में करीब 70 लाख लोग रोज लोकल ट्रेनों से यात्रा करते हैं। 

    11:42 (IST)25 Jul 2018
    मराठा क्रांति मोर्चा का दावा - कर रहे शांतिपूर्ण प्रदर्शन

    बुधवार को मराठा क्रांति मोर्चा के कार्यकर्ता दुकानदानों से हाथ जोड़कर प्रतिष्‍ठान बंद रखने की अपील करते नजर आए। मुंबई के कांजुर रोड और भांडुप में BEST की दो बसों पर प्रदर्शनकारियों ने हमला किया। प्रभावित इलाकों में BEST ने अपनी सेवाएं कुछ देर के लिए रोक दी हैं। मोर्चा ने एक बयान में कहा, ''हम कोई रोड नहीं ब्‍लॉक कर रहे हैं। हम एक शांतिपूर्ण विरोध कर रहे हैं। हमने अपने कार्यकर्ताओं को कहा है कि हमारे प्रदर्शन के चलते पुलिस या सरकार को कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए। हम लोगों से अपनी दुकानें बंद करने को कह रहे हैं।'' कई मराठा समूहों ने नौ अगस्त को अगस्त क्रांति दिवस के रूप में मनाने के लिए महाराष्ट्र बंद की घोषणा की है। बुधवार के बंद को देखते हुए, पुलिस ने देश की वाणिज्यिक राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

    11:26 (IST)25 Jul 2018
    नासिक, अकोला में बंद का असर

    नासिक में दुकानें बंद करवा दी गई हैं। इलाके में पुलिस तैनात होने के बावजूद प्रदर्शनकारी अम्‍बेडकर प्रतिमा के पास जुटे और नारेबाजी की। अकोला में बाजार, स्‍कूल और कॉलेज पूरी तरह बंद करा दिए गए हैं।

    11:13 (IST)25 Jul 2018
    पुणे में रेलवे पर असर नहीं

    पुणे रेलवे के पीआरओ ने कहा है कि बंद का पुणे में रेलवे सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ा है। सभी ट्रेनें सुचारू रूप से चल रही हैं। मुंबई के खरगार में दुकानें बंद करवा दी गई हैं और सड़कों पर सन्‍नाटा पसर गया है।

    11:03 (IST)25 Jul 2018
    पश्चिम रेलवे में ट्रेन रोकी गई, ट्रैक सामान्‍य
    10:56 (IST)25 Jul 2018
    ठाणे में रोकी गई ट्रेन

    ठाणे में एक लोकल ट्रेन को रोकते मराठा क्रांति मोर्चा के कार्यकर्ता

    10:43 (IST)25 Jul 2018
    लातूर में हिंसा, पुलिस मौके पर

    लातूर जिले के उदगीर में दो समूहों के बीच हिंसा भड़की। एक समूह जबरन लोगों से दुकानें बंद करवा रहा था और एक सब्‍जी के ठेले को पलट दिया। पुलिस मौके पर पहुंच गई है।

    10:30 (IST)25 Jul 2018
    आरक्षण की मांग को लेकर आत्‍महत्‍या के बाद भड़का गुस्‍सा

    औरंगाबाद के कैगांव में 28 वर्षीय काकासाहेब दत्तात्रेय शिंदे ने सोमवार शाम आरक्षण की मांग को लेकर गोदावरी नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली थी, जिसकी प्रतिक्रिया में मंगलवार को कई जिलों में बंद किया गया। शिंदे के अंतिम संस्कार में उसके पैतृक गांव कानड से हजारों लोग इकट्ठे हुए। यहां गुस्साए मराठाओं ने शिवसेना के सांसद चंद्रकांत खरे का विरोध किया और उनके साथ धक्का-मुक्की की। वहीं कांग्रेस के विधान परिषद के सदस्य सुभाष जांबद के साथ भी धक्का-मुक्की की गई और उन्हें पुलिस सुरक्षा का सहारा लेना पड़ा। अंतिम संस्कार की सुरक्षा के लिए कैगांव में तैनात उस्मानाबाद का एक पुलिसकर्मी श्याम कटगांवकर अचानक गिर गया और दोपहर में हृदयाघात की वजह से उसकी मौत हो गई।

    10:29 (IST)25 Jul 2018
    हिंसक हुआ आंदोलन

    महाराष्ट्र में मराठाओं को आरक्षण देने की मांग को लेकर जारी विरोध प्रदर्शन ने मंगलवार को हिंसक रूप अख्तियार कर लिया, जिसकी चपेट में आकर एक पुलिसकर्मी और चार अन्य लोग घायल हो गए। इसके अलावा चार लोगों ने आत्महत्या की कोशिश की, एक दर्जन से ज्यादा वाहनों को क्षतिग्रस्त किया गया या जला दिया गया और एक सांसद और विधानसभा पार्षद के साथ धक्का-मुक्की की गई। मराठा सकल समाज (राज्य स्तरीय निकाय) ने समुदाय के सभी सदस्यों से बंद के दौरान शांति रखने का आग्रह किया।