मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गौशाला खोलना चाहते हैं। मुख्यमंत्री के रूप में 10 साल पूरे करने के बाद रविवार शाम को किसानों से मुलाकात के दौरान यह खुलासा किया। उन्होंने कहा कि, दो गायों से शुरुआत की थी और अब उनके पास 25 गायें हैं। उन्होंने खुलासा किया कि वे 25 गायें और लाकर गौशाला खोलना चाहते हैं। सीएम चौहान ने इस मौके पर किसानों को सम्मानित भी किया। आपको बता दें कि मध्य प्रदेश को लगातार चौथे साल कृषि कर्मण सम्मान मिला है। सीएम चौहान ने इसी के चलते किसानों को बुलाया था।
हालांकि शिवराज ने यह खुलासा नहीं किया कि वे गौशाला आधिकारिक बंगले में शुरु करेंगे या कहीं और। लेकिन अगर वे ऐसा करते हैं तो ऐसा करने वाले राज्य के पहले राजनेता बन जाएंगे। उनसे पहले मध्य प्रदेश की पूर्व सीएम और वर्तमान में केन्द्रीय मंत्री उमा भारती भी गायों के प्रति सम्मान दर्शा चुकी हैं। उन्होंने 2004 में अपनी पहली कैबिनेट मीटिंग में गोहत्या के खिलाफ कड़ा कानून बनाया था। इस कानून में 2010 में चौहान ने संसोधन करते हुए और कड़ा कर दिया था। मध्य प्रदेश देश का इकलौता राज्य है जहां पर गाय अभ्यारण्य है।
चौहान ने किसानों की कमाई में पशुपालन के योगदान पर चर्चा करते हुए गौशाला को लेकर अपने प्लान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि, ‘मैं खेती किए बिना नहीं रह सकता।’ उन्होंने दावा किया कि इकलौते मुख्यमंत्री हैं जो खेत में हर रोज चार से पांच घंटे बिताते हैं। खेतों में वे फलों, फूलों से लेकर अनाज तक उपजाते हैं।