मध्यप्रदेश के खंडवा से भाजपा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल का वीडियो सामने आया है। जिसमें वो पहले तो ट्रैफिक नियमों का पालन करने की शपथ लेते हुए दिखाई दे रहे हैं लेकिन थोड़े ही देर बाद वे ट्रैफिक नियमों को तार तार करते हुए भी नजर आ रहे हैं। ज्ञानेश्वर पाटिल बिना हेलमेट पहने ही स्कूटी चलाते हुए कैमरे में कैद हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को मध्यप्रदेश के खंडवा में यातायात सड़क सुरक्षा सप्ताह का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें खंडवा लोकसभा के सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल भी शामिल हुए। कार्यक्रम में सभी को ट्रैफिक नियम का पालन करने और दोपहिया वाहन चलाते हुए हेलमेट पहनने की शपथ दिलवाई गई। खुद सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने भी ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करने की शपथ ली।
लेकिन कुछ ही देर बाद खंडवा से भाजपा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल उस शपथ को भूल गए और उन्होंने ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ा दी। ज्ञानेश्वर पाटिल बिना हेलमेट पहने ही स्कूटी चलाने लगे। अव्वल तो यह कि खंडवा से सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने अपनी स्कूटी पर एक व्यक्ति को भी पीछे बिठाया हुआ था। उक्त व्यक्ति भी बिना हेलमेट पहने ही स्कूटी की सवारी कर रहे थे।
बता दें कि ज्ञानेश्वर पाटिल पिछले साल हुए खंडवा लोकसभा उपचुनाव में सांसद चुने गए हैं। वे पहली बार संसद पहुंचे है। पिछले साल भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नन्द कुमार सिंह चौहान का कोरोना के चलते निधन हो गया था। जिसके बाद इस सीट पर लोकसभा उपचुनाव कराया गया। वे खंडवा के जिला पंचायत अध्यक्ष भी रहे हैं। ज्ञानेश्वर पाटिल को नंद कुमार चौहान का करीबी माना जाता था।