त्योहारों से पहले भारतीय तेल विपणन कंपनियों ने एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में कटौती की घोषणा की है। कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कीमत में 25 रुपए कमी की गई है। कीमतों में कटौती के बाद अब 19 किलो के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 1,885 रुपये के बजाय 1,859.50 रुपये होगी। वहीं, कोलकाता में सिलेंडर की कीमत 1959 रुपए और मुंबई में अब एलपीजी सिलेंडर 1811.50 रुपए में मिलेगा।

एलपीजी सिलेंडरों की कीमत में यह बदलाव आखिरी गिरावट के ठीक एक महीने बाद आया है। इससे पहले 1 सितंबर को 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 91.50 रुपए कम कर दी गई थी। 1 अगस्त को कमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में भी 36 रुपए की कमी की गई थी। इससे पहले 6 जुलाई को 19 किलोग्राम सिलेंडर की दरों में 8.5 रुपए प्रति यूनिट की कटौती की गई थी।

हालांकि, घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतें स्थिर रह सकती हैं। 6 जुलाई को 14.2 किलोग्राम वजन वाले घरेलू तरल पेट्रोलियम गैस सिलेंडर की कीमतों में 50 रुपये प्रति यूनिट की बढ़ोतरी की गई थी । इससे पहले, घरेलू सिलेंडर की कीमतों में 19 मई, 2022 को बदलाव किया गया था। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में फिलहाल यह 1,053 प्रति यूनिट के हिसाब से बिकता है।

पिछले 6 महीनों में लगातार कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कमी की गई है। मई में इसकी कीमत 2354 रुपए थी। इसके बाद से लगातार इसकी कीमतों में कटौती की जा रही है। होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में एलपीजी गैस का इस्तेमाल होता है। ऐसे में गैस की कीमतों में कमी से बाहर खाना-पीना भी सस्ता होने की उम्मीद है। हालांकि, अन्य चीजों के दामों में बढ़ोतरी के कारण शायद ऐसा ना हो।

वहीं, एक दिन पहले ही शुक्रवार (30 सितंबर, 2022) को प्राकृतिक गैस की कीमतों में 40 प्रतिशत का इजाफा किया गया था। वैश्विक स्तर पर ऊर्जा की कीमतों में उछाल के बाद नैचुरल गैस के दाम में शुक्रवार को 40 फीसद की रिकॉर्ड बढ़ोतरी की गई थी। इससे बिजली उत्पादन, उर्वरक बनाने और वाहन चलाने में उपयोग में आने वाली गैस महंगी होने की उम्मीद है। प्राकृतिक गैस की कीमत में इजाफे से सीएनजी और पाइप से रसोई तक पहुंचने वाली पीएनजी गैस के दाम भी बढ़ सकते हैं।