Election 2019 Updates: अगले साल प्रस्तावित लोकसभा चुनाव की रणनीति और तैयारियों को लेकर ‘आप’ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आहूत की गयी है। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को पार्टी कार्यकारिणी की बैठक में चुनाव की तैयारियों और अन्य अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। कार्यकारिणी में किये गये फैसलों को शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय परिषद की बैठक में मंजूरी के लिये पेश किया जायेगा।

बैठक से पहले ‘आप’ की दिल्ली इकाई के संयोजक गोपाल राय ने बताया कि बैठक में लोकसभा चुनाव के अलावा पार्टी की आनुषंगिक इकाईयों के गठन सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी।  उल्लेखनीय है कि केजरीवाल सहित 24 सदस्यों वाली कार्यकारिणी आप की दूसरी शीर्ष नीति निर्धारण इकाई है।

Live Blog

17:20 (IST)28 Dec 2018
भाकपा ने तृणमूल का 19 जनवरी की रैली में शामिल होने का निमंत्रण ठुकराया

भाकपा के एक शीर्ष नेता ने शुक्रवार को कहा है कि उन्हें तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोलकाता में होने वाली विपक्षी दलों की रैली में शामिल होने के लिये निमंत्रण मिला है, लेकिन उन्होंने इसमें शामिल होने से इनकार कर दिया है। ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस ने 19 जनवरी को राजधानी में विपक्षी दलों की एक रैली का आयोजन किया है। इसके लिये उसने कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दलों को निमंत्रण भेजा है।
भाकपा महासचिव एस. सुधाकर रेड्डी ने शुक्रवार को पीटीआई-भाषा को बताया कि उन्होंने (ममता बनर्जी) ने मुझे निमंत्रण भेजा है, लेकिन मैंने वहां नहीं जाने का फैसला लिया है। रैली में शामिल नहीं होने कि वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में उनकी पार्टी के तृणमूल कांग्रेस से संबंध अच्छे नहीं हैं। रेड्डी ने कहा कि "उनकी पार्टी के नेताओं और गुंडों ने पश्चिम बंगाल में हमारी पार्टी के दफ्तरों पर हमले किये। वे वाम दलों पर हमले कर रहे हैं। राजनीतिक आचोलना एक अलग बात है। लिहाजा मैंने इसमें शामिल नहीं होने का फैसला किया है।" 

14:57 (IST)28 Dec 2018
झूठे चुनावी वादों के लिये अजीत पवार ने केंद्र और महाराष्ट्र सरकार पर हमला बोला

राकांपा के वरिष्ठ नेता अजीत पवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस पर लोगों से झूठे वादे करने के लिये हमला बोला। राज्य के पूर्व उप मुख्यमंत्री पवार ने जिले के डोंबिवली में गुरुवार रात को एक कार्यक्रम में दोनों नेताओं की आलोचना की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का लोगों के बैंक खाते में 15 लाख रुपये ‘जमा’ करने का वादा एक भ्रम था। पवार ने फड़णवीस पर भी हमला किया और कहा कि मुख्यमंत्री ने नगर निकाय चुनाव के लिये प्रचार के दौरान विकास कार्यों के लिये कल्याण डोंबिवली नगर निगम (केडीएमसी) को 6500 करोड़ रुपये आवंटित करने का वादा किया था।

उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि अब तक साढ़े छह रुपये भी केडीएमसी को नहीं दिए गए हैं। ‘माथादी’ कामगारों के नेता नरेंद्र पाटिल को राज्य सरकार द्वारा अन्नासाहेब पाटिल आर्थिक विकास महामंडल का प्रमुख बनाए जाने पर उनके सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में पवार ने कहा कि उन्हें इस पद पर नियुक्त करके भाजपा ने कोई कृपा नहीं की है, बल्कि यह माथादी कामगारों का हक है।

12:57 (IST)28 Dec 2018
विजयवर्गीय ने कहा,राहुल को अगला प्रधानमंत्री बनने का सपना देखना बंद कर देना चाहिए

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का मजाक बनाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री बनने का उनका सपना कभी पूरा नहीं होगा। उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी जानते हैं कि केन्द्र में एक पप्पू है जो अगला प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहा है।’’ भाजपा और अन्य विपक्षी दल अक्सर ‘पप्पू’ कह कर गांधी का मजाक बनाते हैं।

भाजपा की प्रस्तावित रथ यात्रा के लिए पश्चिम बंगाल सरकार से अनुमति नहीं मिलने के विरोध में आयोजित रैली में विजयवर्गीय ने कहा, ‘‘लेकिन मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि उनका सपना कभी पूरा नहीं होगा क्योंकि भारत फिर से नरेन्द्र मोदी को चुनेगा।’’ भाजपा नेता ने अपने भाषण में प्रदेश में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस का भी मजाक बनाया। प्रधानमंत्री की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी देश के सबसे अच्छे प्रधानमंत्री हैं।

12:20 (IST)28 Dec 2018
''BJP ने समाजवादी को झूठ बोलकर हराया, गन्ना किसान अभ भी दुखी हैं''

अखिलेश ने  कहा कि भाजपा जनता का ध्यान असल मुद्दों से हटाना चाहती है। भाजपा ने संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता को कमजोर किया है। अच्छे दिन के नाम पर जनता को धोखा दिया गया है। जनता परेशान और दुखी है। इसका परिणाम उपचुनाव में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री की सीट पर हुई करारी हार से दिखा।

सपा प्रमुख ने कहा कि वोट से ही लोकतंत्र का फैसला होगा, इसलिए समाजवादियों को इसके लिये जनता की लड़ाई ईमानदारी से लड़नी होगी। भाजपा की साजिशों का पदार्फाश और सबक सिखाने के लिए जनता मन बना चुकी है। समाजवादियों से ही सबको उम्मीदें हैं। भाजपा यही सोचती है कि लखनऊ उनका गढ़ है। समाजवादियों को इस मिथक को तोड़ना होगा और ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के लिए प्रयास करना चाहिए।

अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने समाजवादी सरकार को झूठ बोलकर हराया। लोगों को सपने दिखाए। समाजवादियों को क्या-क्या नहीं कहा। कानून व्यवस्था पर राजभवन में बड़े सवाल उठते थे। अब राजभवन में खातिरदारी हो रही है। गन्ना किसान अभी भी दुखी हैं, उन्हें गन्ने की उचित कीमत नहीं मिल पा रही है। युवा कुंभ में बेरोजगारी पर बात होती तो अच्छा होता।

11:35 (IST)28 Dec 2018
अखिलेश ने कहा, एक-दूसरे को लड़ाना ही भाजपा का एजेंडा

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने देश में जो हालात पैदा किए हैं, उससे समाज में सामाजिक सद्भाव बिगड़ा है। भाजपा ने समाज को बांटने और दूरी पैदा करने का काम किया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि एक-दूसरे को लड़ाने की साजिश करना ही भाजपा का एजेंडा है। भाजपा का लक्ष्य समाज को बांटना है, इससे समाजवादियों को सावधान रहने की जरूरत है।

अखिलेश ने आईपीएन को दिए अपने बयान में कहा कि भाजपा जनता का ध्यान असल मुद्दों से हटाना चाहती है। भाजपा ने संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता को कमजोर किया है। अच्छे दिन के नाम पर जनता को धोखा दिया गया है। जनता परेशान और दुखी है। इसका परिणाम उपचुनाव में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री की सीट पर हुई करारी हार से दिखा।

सपा प्रमुख ने कहा कि वोट से ही लोकतंत्र का फैसला होगा, इसलिए समाजवादियों को इसके लिये जनता की लड़ाई ईमानदारी से लड़नी होगी। भाजपा की साजिशों का पदार्फाश और सबक सिखाने के लिए जनता मन बना चुकी है। समाजवादियों से ही सबको उम्मीदें हैं। भाजपा यही सोचती है कि लखनऊ उनका गढ़ है। समाजवादियों को इस मिथक को तोड़ना होगा और ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के लिए प्रयास करना चाहिए।

10:56 (IST)28 Dec 2018
''भ्रष्टाचार में डूबी 'जीरो टॉलरेंस' के नाम पर सत्ता में आई योगी सरकार''

कांग्रेस का कहना है कि 'जीरो टॉलरेंस' के नाम पर सत्ता में आई भाजपा की योगी सरकार में भ्रष्टाचार किस कदर व्याप्त है, यह तीन-तीन मंत्रियों के निजी सचिवों की हुई एक निजी न्यूज चैनल द्वारा स्टिंग ऑपरेशन से पूरी तरह खुलकर सामने आ गया है। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता मुकेश सिंह चौहान ने आईपीएन को भेजे अपने बयान में कहा कि कांग्रेस शुरू से ही आरोप लगाती रही है कि योगी सरकार में मंत्री से लेकर इनकी पार्टी के कार्यकर्ता आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं और इन तीन मंत्रियों के निजी सचिवों के स्टिंग ऑपरेशन से यह स्पष्ट भी हो गया है।

मुकेश ने कहा कि भाजपा का 'न गुंडाराज, न भ्रष्टाचार' वाला नारा पूरी तरह खोखला साबित हुआ है। हकीकत यह है कि योगी सरकार जुमलों के सहारे प्रदेश को चलाना चाहती है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि आए दिन सार्वजनिक मंचों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भ्रष्टाचार और गुंडाराज से प्रदेश को मुक्त कराने का दावा करते रहते हैं, लेकिन उनकी ही कैबिनेट के तीन-तीन मंत्रियों के सचिव जिस तरह सौदेबाजी में पकड़े गए हैं, इससे लगता है कि मुख्यमंत्री का सरकार, शासन और प्रशासन पर कोई इकबाल नहीं है।