Manipur Polling Booth Firing: जातीय हिंसा से प्रभावित मणिपुर में दो लोकसभा सीटों पर आज वोटिंग हो रही है। इस बीच राज्य में हिंसा की खबर भी सामने आ रही है। मणिपुर के इनर मणिपुर लोकसभा सीट पर फायरिंग हुई है। बिष्णुपुर जिले के थमनपोकपी में एक मतदान केंद्र पर गोलीबारी हुई है। इसमें 3 लोग घायल हुए हैं। वहीं इंफाल पूर्व के थोंगजू के एक बूथ पर EVM में तोड़फोड़ भी की गई है। इसके अलावा एक पोलिंग बूथ पर भी फायरिंग की खबर है जिसमें एक नागरिक घायल हुआ है।
मणिपुर में मोइरांग विधानसभा क्षेत्र के थमनपोकपी में एक मतदान केंद्र के पास बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की। गोलीबारी से उन वोटर्स में दहशत फैल गई जो अपने उम्मीदवार को चुनने के लिए लाइन में खड़े थे। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के अनुसार लोग पोलिंग बूथ से भागते हुए नजर आ रहे हैं। इस घटना में करीब तीन लोग घायल हो गए हैं और पोलिंग बूथ पर लगी ईवीएम में भी तोड़फोड़ की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा इंफाल पूर्व के खोंगमान में एक पोलिंग बूथ पर कुछ अज्ञात बदमाश घुस गए और प्रॉक्सी वोटिंग में लगे रहे।
सीएम एन बीरेन सिंह ने डाला वोट
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि कुछ जगहों पर अशांति की छिटपुट घटनाएं भी सामने आईं। इनर मणिपुर लोकसभा सीट के तहत थोंगजू विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय लोगों और अज्ञात बदमाशों के बीच झड़प हो गई। इस बीच, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने लुवांगसांगबाम ममांग लीकाई में अपना वोट डाला और लोगों से राज्य के मूल लोगों को बचाने और इसकी क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का आग्रह किया।
मणिपुर में अब तक कितनी वोटिंग हुई
मणिुर में राज्य की दो लोकसभा सीटों पर वोटिंग हो रही है। जिन सीटों पर वोटिंग हो रही है उनमें इनर मणिपुर और आउटर मणिपुर सीट शामिल है। अब तक राज्य में एक बजे तक तकरीबन 46.92 फीसदी मतदान हो चुका है। बता दें कि आउटर मणिपुर सीट के हिंसा प्रभावित इलाकों के कुछ बूथ पर 26 अप्रैल को भी वोटिंग होगी। मणिपुर में पिछले साल 3 मई से हिंसा जारी है।
ये उम्मीदवार मैदान में खड़े
2019 के चुनाव में इनर मणिपुर बीजेपी के थौनाओजम बसंत कुमार सिंह ने जीती थी। इस सीट से एक बार फिर बसंत कुमार सिंह को मैदान में उतारा गया है। वहीं, आउटर मणिपुर की सीट एससी कैटेगरी के लिए रिजर्व है। इस सीट को भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले अलायंस एनडीए (NDA) में शामिल नागा पीपुल्स फ्रंट के नेता कचुई टिमोथी जिमिक ने जीती थी। एक बार फिर से पार्टी ने उन्हीं पर भरोसा जताया है और चुनावी मैदान में उतारा है।
अब बात की जाए कांग्रेस पार्टी की तो इनर मणिपुर की सीट से पार्टी ने अंगोमचा बिमोल अकोइजम अल्फ्रेड को टिकट दिया है। वहीं, आउटर मणिपुर लोकसभा सीट पर कान-नगम आर्थर को मैदान में उतरा है।