मणिपुर हिंसा के मुद्दे को लेकर संसद में जारी गतिरोध के बीच विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (INDIA) के घटक दलों ने बुधवार को लोकसभा में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्ष द्वारा सरकार के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया। मणिपुर के मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी पर संसद के भीतर बयान देने का दबाव बनाने के लिए यह अविश्वास प्रस्ताव लाया गया। देश में हर साल 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। 1999 में हुए कारगिल युद्ध में भारत ने पाकिस्तान को पराजित किया था। इस युद्ध में भारत के कई जवान शहीद हो गए थे, उन शहीदों को आज के दिन श्रद्धांजलि दी जाती है।

दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद और नोएडा में इन दिनों हिंडन नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। नोएडा में तेज बारिश और बाढ़ की स्थिति के कारण प्रशासन ने बुधवार को स्कूल बंद रखने के आदेश दिए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ धर्मवीर सिंह ने बताया कि हिंडन और यमुना नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण बाढ़ की स्थिति बनी हुई है, जिसकी वजह से लोगों को शिविरों में रखा गया है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी ने पहली से 12वीं कक्षा तक के स्कूल बुधवार को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं और इस आदेश का पालन नहीं करने वाले स्कूल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Live Updates

देश और दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लिए पढ़ें जनसत्ता.कॉम।

10:15 (IST) 26 Jul 2023
Live Update: पंजाब में बाढ़ से 41 लोगों की मौत

पंजाब में हाल में आई बाढ़ में 41 लोगों की मौत हुई है और 1,616 लोग 173 राहत शिविर में रह रहे हैं। तरनतारन, फिरोजपुर, फतेहगढ़ साहिब, फरीदकोट, होशियारपुर, रूपनगर, कपूरथला, पटियाला, मोगा, लुधियाना, एसएएस नगर, जालंधर, संगरूर, एसबीएस नगर, फाजिल्का, गुरदासपुर, मानसा, बठिंडा और पठानकोट समेत 19 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि सरकार और बचाव एजेंसियों ने जलमग्न क्षेत्रों से 27,286 लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया है।

10:06 (IST) 26 Jul 2023
Live Update: मुंबई में तानसा झील ओवरफ्लो

मुंबई में पानी की आपूर्ति के साधन वाली 7 झीलों में से एक तानसा झील ओवरफ्लो हो गई। तानसा झील आज सुबह लगभग 4:30 बजे ओवरफ्लो होना शुरू हुई।

10:04 (IST) 26 Jul 2023
LIVE NEWS: भारतीय सैनिकों ने दुश्मनों की छाती में तिरंगा लहरा दिया था- राजनाथ सिंह

लद्दाख पहुंचे केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत की रक्षा के लिए 1999 में देश के सैनिकों ने जो वीरता और शौर्य का प्रदर्शन किया वह स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। आज हम खुली हवा में सांस इसलिए ले पा रहे हैं क्योंकि किसी समय में 0 डिग्री से कम तापमान में हमारे सैनिकों ने ऑक्सीजन की कमी के बावजूद अपनी बंदूकें कभी नीचे नहीं की। उन्होंने कहा कि आज कारगिल में भारत का ध्वज इसलिए लहरा रहा हैं क्योंकि 1999 में भारत के सैनिकों ने अपने शौर्य का परिचय देते हुए दुश्मनों की छाती में तिरंगा लहरा दिया था।

09:42 (IST) 26 Jul 2023
Live Updates: अविश्वास प्रस्ताव से पीएम जवाब देने के लिए होंगे मजबूर- राघव चढ्ढा

विपक्ष द्वारा आज लोकसभा में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने पर आप सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि भारत के संसदीय इतिहास में कई बार संसद के भीतर बहस, संवाद और चर्चा के लिए कई साधनों का प्रयोग किया जाता है। कई मुद्दों पर लंबी चर्चा होती है। भारत के प्रधान मंत्री को संसद में आने और लोगों और लोकसभा के सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों का जवाब देने के लिए मजबूर किया जाता है। मुझे लगता है कि ये संसदीय प्रावधान वास्तव में भारत के लोकतंत्र को मजबूत करते हैं। सरकार पर लोकसभा में आने और सवालों के जवाब देने के लिए दबाव बनाने के लिए इसका बार-बार प्रयोग किया जाना चाहिए।

09:28 (IST) 26 Jul 2023
Live Updates: संजय सिंह ने पीएम मोदी पर साधा निशाना, कहा-देश का अपमान ना करें

मणिपुर हिंसा मामले को लेकर संसद का मानसून सत्र अभी तक काफी प्रभावित रहा है। विपक्ष लगातार पीएम मोदी से जवाब की मांग पर अड़ा है। इस ही बीच आम आदमी पार्टी सांसद और मौजूदा सत्र से सस्पेंड किए संजय सिंह ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए उन्हें देश अपमान ना करने की सलाह दी है। उनका यह बयान पीएम मोदी के विपक्षी गठबंधन INDIA की तुलना इंडियन मुजाहीदीन से करने के बाद सामने आया है। 

09:03 (IST) 26 Jul 2023
Delhi-NCR Live: दिल्ली-नोएडा में तेज़ बारिश

दिल्ली और नोएडा में आज तेज़ बारिश के बाद सड़कों पर जलभराव देखा गया।

09:03 (IST) 26 Jul 2023
Live News: सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने कारगिल विजय दिवस पर जवानों को श्रद्धांजलि दी

सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर द्रास के कारगिल युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर कारगिल युद्ध में प्राणों की आहुति देने वाले जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

09:02 (IST) 26 Jul 2023
Live News: भारतीय नौसेना प्रमुख ने कारगिल युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि दी

भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल आर. हरि कुमार ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर द्रास के कारगिल युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर कारगिल युद्ध में प्राणों की आहुति देने वाले जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

09:01 (IST) 26 Jul 2023
Live update: कारगिल विजय दिवस पर पीएम मोदी ने किया ट्वीट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि कारगिल विजय दिवस भारत के उन अद्भुत पराक्रमियों की शौर्यगाथा को सामने लाता है, जो देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणाशक्ति बने रहेंगे। इस विशेष दिवस पर मैं उनका हृदय से नमन और वंदन करता हूं। जय हिंद।

09:00 (IST) 26 Jul 2023
LIVE NEWS: कारगिल युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि समारोह

लद्दाख: कारगिल युद्ध में प्राणों की आहुति देने वाले जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए कारगिल विजय दिवस के अवसर पर द्रास के कारगिल युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि समारोह आयोजित किया जा रहा है।

नोएडा के DCP ने कहा कि हिंडन नदी का जलस्तर बढ़ गया है जिसके चलते प्रशासन के लोग यहां मौजूद हैं। हम लोगों से घर खाली करने की अपील कर रहे हैं। हिंडन नदी का जलस्तर बढ़ने की वजह से गाजियाबाद और नोएडा में नदी किनारे बसी कई कॉलोनियों में पानी घुस गया है।

कारगिल में सेना ने दुश्मनों को कैसे चटाई धूल, पढ़ें पूरी स्टोरी-

मणिपुर पर सदन में हंगामा, देखें वीडियो- https://www.youtube.com/watch?v=Sq3po0sNXoY