ED ने पूछताछ के बाद संजय सिंह को मनी लांड्रिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले पर दिल्ली कांग्रेस का बड़ा बयान आया है। दिल्ली कांग्रेस के अरविंदर सिंह लवली ने कहा है कि अगर किसी ने गलती की है तो उसे सजा मिले। ED ने दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मामले में बुधवार सुबह आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद संजय सिंह के परिसरों पर छापे मारे। अधिकारियों ने बताया कि मामले के संबंध में कुछ अन्य लोगों के परिसरों पर भी छापे मारे गए। ईडी ने इस मामले में पहले उनके स्टाफ सदस्यों और उनसे जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ की थी। ऐसा आरोप है कि शराब व्यापारियों को लाइसेंस देने के लिए दिल्ली सरकार की 2021-22 के लिए लायी गयी आबकारी नीति से कुछ डीलरों को फायदा पहुंचाया जिन्होंने इसके लिए रिश्वत दी थी। हालांकि, आप ने इस आरोप का खंडन किया है।

वहीं, दूसरी ओर सिक्किम में बादल फटने से तीस्ता नदी में बाढ़ आ गयी। इस बाढ़ में सेना के 23 जवान लापता बताए जा रहे हैं। बुधवार को ल्होनक झील के ऊपर बादल फटने से लाचेन घाटी में तीस्ता नदी में बाढ़ आ गई। गुवाहाटी के डिफेंस पीआरओ ने बताया कि चुंगथांग बांध से पानी छोड़े जाने के कारण नीचे की ओर 15-20 फीट की ऊंचाई तक जलस्तर अचानक बढ़ गया। देश और दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लिए पढ़ें jansatta.com

Live Updates

देश और दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लेटेस्ट अपडेट के लिए पढ़ें jansatta.com

21:03 (IST) 4 Oct 2023
LIVE NEWS: अरविंद केजरीवाल ने संजय सिंह के परिवार से की मुलाकात

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल अपनी पत्नी सुनीता केजरीवाल के साथ आप सांसद संजय सिंह के परिवार के सदस्यों से मिले। संजय सिंह को दिल्ली शराब घोटाला मामले में ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है।

21:00 (IST) 4 Oct 2023
LIVE NEWS: दिल्ली पुलिस के एसीपी ने की आत्महत्या

दिल्ली पुलिस के 55 वर्षीय एसीपी, जिनकी पहचान अनिल सिसौदिया के रूप में हुई है, उन्होंने कथित तौर पर जंगपुरा में अपने आवास पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उनकी पत्नी का भी तीन दिन पहले निधन हो गया। दिल्ली पुलिस ने ये जानकारी दी है।

18:40 (IST) 4 Oct 2023
LIVE NEWS: पुष्कर सिंह धामी को बड़ी सफलता

आज दिल्ली में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट 2023 के नई दिल्ली रोड शो के दौरान सीएम पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में लगभग 19,000 करोड़ रुपये के एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।

18:39 (IST) 4 Oct 2023
LIVE NEWS: संजय सिंह की गिरफ्तारी पर कांग्रेस का बयान

दिल्ली शराब नीति मामले में आप नेता संजय सिंह की गिरफ्तारी पर दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर एस. लवली ने कहा, “कांग्रेस किसी भी प्रकार की अनियमितता का समर्थन नहीं करती है और शराब नीति मामले में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। यदि कोई व्यक्ति इसमें शामिल पाया जाता है तो उसे गिरफ्तार किया जाना चाहिए। लेकिन अगर किसी व्यक्ति को इस आधार पर गिरफ्तार किया जा रहा है कि वह जांच में सहयोग नहीं कर रहा है तो यह एजेंसियों का दुरुपयोग है। जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक एजेंडे को पूरा करने के लिए नहीं किया जा सकता है।”

18:37 (IST) 4 Oct 2023
LIVE NEWS: कानून अपना काम कर रहा: राजीव प्रताप रूड़ी

आप सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी पर बीजेपी सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा, ''कानून अपना काम करेगा। अगर भ्रष्टाचार के सबूत मिलते हैं या ऐसे आरोप हैं तो कानून को अपना काम करना चाहिए।”

18:22 (IST) 4 Oct 2023
LIVE NEWS: संजय सिंह को ED ने किया गिरफ्तार

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार सुबह ही ईडी ने संजय सिंह के आवास पर छापेमारी की थी और उसके बाद से ही उनसे पूछताछ की जा रही थी। लंबी पूछताछ के बाद ईडी ने संतोषजनक उत्तर ना मिल पाने पर संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

14:20 (IST) 4 Oct 2023
LIVE NEWS: बीजेपी ने केजरीवाल पर साधा निशाना

संजय सिंह के खिलाफ ईडी की कार्रवाई को लेकर बीजेपी ने निशाना साधा है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि मैं अरविंद केजरीवाल को चुनौती देता हूं कि वह तुरंत प्रेस कॉन्फ्रेंस करें और कहें कि उन्होंने 32 लाख रुपये नहीं लिए हैं, जैसा आरोपी दिनेश अरोड़ा ने देने का दावा किया है…सच्चाई सामने आने दीजिए।

13:12 (IST) 4 Oct 2023
LIVE NEWS: चुनाव में हार के डर से हो रही कार्रवाई- आतिशी

शराब नीति घोटाला मामले में आप सांसद संजय सिंह के खिलाफ ईडी की कार्रवाई को लेकर दिल्ली की मंत्री आतिशी का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने (बीजेपी) ईडी और सीबीआई के सैकड़ों अधिकारियों को इस काम में लगाया है। लोगों को गिरफ्तार और प्रताड़ित किया जा रहा है। अब तक केंद्र सरकार और उनकी एजेंसियां ​​एक रुपये का भी भ्रष्टाचार साबित नहीं कर पाई हैं। इससे पता चलता है कि भाजपा आम आदमी पार्टी से डरती है। इससे पता चलता है कि पीएम मोदी को पता है कि आगामी लोकसभा चुनाव में उनकी हार होने वाली है…इस हार के डर से वे आप पार्टी के नेताओं, पत्रकारों पर छापेमारी करा रहे हैं…यह मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि उन्हें संजय सिंह से भ्रष्टाचार का एक पैसा भी नहीं मिलने वाला है।

12:52 (IST) 4 Oct 2023
चुनाव के कारण हो रही कार्रवाई- केजरीवाल

आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह के घर ईडी के मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि संजय सिंह के घर से कुछ भी बरामद नहीं हुआ है। केजरीवाल ने कहा कि 2024 के चुनाव नजदीक आ रहा है और वो (बीजेपी) जानते हैं कि चुनाव में हारने वाले हैं। इसे लेकर वह परेशान हैं। चुनाव तक अभी और भी एजेंसियों की कार्रवाई जारी रहेगी।

11:23 (IST) 4 Oct 2023
NEWS LIVE: सीएम केजरीवाल के खिलाफ बीजेपी का प्रदर्शन

संजय सिंह के खिलाफ ईडी की कार्रवाई के बाद बीजेपी ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल का इस्तीफा मांगा है। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ प्रदर्शन भी किया।

10:27 (IST) 4 Oct 2023
LIVE NEWS: सिक्किम में बादल फटने से बाढ़

सिक्किम के सिंगतम में बादल फटने के बाद बाढ़ जैसी स्थिति पैदा होने पर मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने स्थिति का जायज़ा लिया। भाजपा नेता उग्येन शेरिंग ग्यात्सो भूटिया ने बताया, “सरकारी तंत्र को लगाकर लोगों की जान बचाई जा रही है जिसकी रिपोर्ट आना बाकी है। जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है लेकिन सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है। सिंगतम में संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है और कुछ लोगों के गुमशुदा होने की सूचना है जिन्हें ढूंढने की कोशिश चल रही है।”

10:25 (IST) 4 Oct 2023
LIVE: राजौरी में तलाशी अभियान जारी

जम्मू-कश्मीर: सुरक्षा बलों का राजौरी के कालाकोट इलाके में तलाशी अभियान जारी है। सुरक्षा बलों को कुछ अज्ञात व्यक्तियों की आवाजाही के बारे में विशेष खुफिया जानकारी मिलने के बाद कालाकोट क्षेत्र में अभियान शुरू किया था।

10:25 (IST) 4 Oct 2023
LIVE NEWS: धर्मशाला में सरकारी कार्यालय के बाहर खालिस्तान के ग्रैफिटी

हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा जिले के धर्मशाला में सरकारी कार्यालय के बाहर खालिस्तान के ग्रैफिटी देखे गए। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नारे को हटाने के लिए दीवार पर पेंट करा दिया, धर्मशाला पुलिस मामले की जांच कर रही है।

10:23 (IST) 4 Oct 2023
LIVE: चार्जशीट में पहले से संजय सिंह का नाम था- दिल्ली भाजपा अध्यक्ष

AAP सांसद संजय सिंह के आवास पर ED की छापेमारी पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “दिल्ली के शराब घोटाले में AAP सांसद संजय सिंह के यहां आज जांच एजेंसी ने छापेमारी की है। इस मामले में दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल और उनके कट्टर ईमानदार नेताओं के चेहरे बेकनाब होंगे। इन्होंने दिल्ली की जनता को लूटा है। चार्जशीट में पहले से संजय सिंह का नाम था।”

10:23 (IST) 4 Oct 2023
NEWS LIVE: संजय सिंह के घर छापेमारी तानाशाही की हद- संजय राउत

शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा, “संजय सिंह सांसद हैं और निर्भय पत्रकार रहे हैं। उनके घर में छापेमारी हो रही है। हमारे ऊपर छापेमारी होती है, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, झारखंड में होती है लेकिन गुजरात, मध्य प्रदेश, असम और अन्य जहां उनकी (भाजपा) सरकार है उधर छापेमारी क्यों नहीं होती? अगर जानकारी चाहिए तो हम जानकारी देंगे कि किधर घपले हो रहे हैं। संजय सिंह के घर जिस तरह से छापेमारी चल रही है उससे मुझे लगता है कि यह तानाशाही की हद है।”

10:22 (IST) 4 Oct 2023
LIVE: राउज एवेन्यू कोर्ट पहुंचे लालू यादव,तेजस्वी यादव

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद प्रमुख लालू यादव, बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव कथित भूमि के बदले नौकरी घोटाले की सुनवाई के लिए राउज एवेन्यू कोर्ट पहुंचे।

10:21 (IST) 4 Oct 2023
LIVE NEWS: ED, CBI और IT ही इनके राजनीतिक हथियार- JDU नेता

AAP सांसद संजय सिंह के आवास पर ED की छापेमारी पर JDU नेता नीरज कुमार ने कहा, “भाजपा पूरे देश में अपने राजनीतिक विरोधियों पर अपनी नीति और उपलब्धियों के बल पर मुकाबला नहीं कर रही है। यह स्पष्ट हो चुका है कि ED, CBI और IT ही इनके राजनीतिक हथियार हैं। इनका परेशान करना स्वाभाविक है, लेकिन परेशान करने की भी एक सीमा होती है। 2024 में जनता इन्हें परेशान करेगी।”

10:20 (IST) 4 Oct 2023
LIVE NEWS: AAP सांसद संजय सिंह के आवास पर ED की छापेमारी

AAP सांसद संजय सिंह के आवास पर ED की छापेमारी पर उनके पिता ने कहा, “विभाग अपना काम कर रहा है, हम उनका सहयोग करेंगे। मैं उस समय का इंतजार करूंगा जब उन्हें मंजूरी मिलेगी।”

अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास व्हाइट हाउस ने कहा कि खालिस्तानी अलगाववादी की हत्या में भारत की संलिप्तता के कनाडा के आरोप गंभीर हैं और उनकी पूरी तरह जांच किए जाने की जरूरत है। व्हाइट हाउस की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद में समन्वयक जॉन किर्बी ने कहा कि विदेश मंत्री एस जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जैक सुलिवान की पिछले हफ्ते वाशिंगटन में हुई मुलाकात में कनाडा के दावों पर चर्चा की गयी थी। उन्होंने कहा, “हम इसे दोनों देशों पर छोड़ते हैं कि वे अपने द्विपक्षीय संबंधों के बारे में बात करें।’’ उन्होंने कहा कि हम स्पष्ट कर चुके हैं कि ये आरोप गंभीर हैं, इनकी पूरी जांच किए जाने की आवश्यकता है। हम भारत से उस जांच में सक्रियता से भाग लेने का अनुरोध करते हैं।

सिक्किम में बादल फटने से तबाही, पढ़ें पूरी खबर

आप सांसद संजय सिंह के आवास पर ईडी की छापेमारी, देखें वीडियो- https://www.youtube.com/watch?v=Jv7a4rRl8Ek