Chandrayaan-3 Landing: इसरो ने जानकारी दी है कि 23 अगस्त को शाम 6:04 बजे होने वाली चंद्रयान-3 की लैंडिंग को टाला भी जा सकता है। अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र (एसएसी) – ISRO के निदेशक नीलेश एम. देसाई ने यह जानकारी दी है।
निदेशक की ओर से जारी बयान में कहा गया है, “23 अगस्त को चंद्रयान-3 के चंद्रमा पर उतरने से दो घंटे पहले हम लैंडर मॉड्यूल की स्थिति और चांद पर उस वक्त के हालात के मुताबिक इस पर फैसला लेंगे कि उस समय इसे उतारना उचित होगा या नहीं। यदि कोई भी फैक्टर अनुकूल नहीं लगता है तो हम 27 अगस्त को मॉड्यूल को चंद्रमा पर उतारेंगे। हम चाहते हैं कि कोई समस्या नहीं होनी चाहिए और हम इसको आसानी उतार सकें।”
क्या नहीं होगी 23 तारीख को चंद्रयान-3 की लैंडिंग?
अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र (एसएसी) – ISRO के निदेशक नीलेश एम. देसाई ने 23 अगस्त को चंद्रयान-3 की लैंडिंग से जुड़े सवाल पर कहा है कि लैंडिंग का प्लान 23 का ही है लेकिन संभावना है कि इसका समय और बढ़ा दिया जाए, लेकिन ऐसा सबकुछ सामान्य नहीं होने की स्थिति में ही होगा।
इससे पहले इसरो ने जानकारी साझा की थी कि चंद्रयान-3 चन्द्रमा के बेहद करीब पहुंच चुका है और 23 अगस्त दक्षिणी ध्रुव के नजदीक सॉफ्ट लैंडिंग करेगा। लैंडर अभी चांद की सतह पर सुरक्षित लैंडिंग करने के लिए समतल जमीन की तलाश कर रहा है। लैंडर ऐसी जगह तलाश कर रहा है जहा बोल्डर्स और खाई मौजूद नहीं हो। चंद्रयान-3 मिशन चांद की सतह से केवल 25 किमी दूर है। अगर चंद्रयान-3 सफलता पूर्वक लैंड कर पाता है तो भारत ऐसा करने वाला पहला देश बन जाएगा।
नीलेश एम. देसाई ने कहा,”हम लैंडिंग से पहले हर पहलू की जांच करेंगे, इस दौरान हमें कुछ आपत्तीजनक लगता है तो इसे पोस्टपोन कर देंगे और 27 तारीख को लैंडिंग कराई जाएगी।” निदेशक ने आगे कहा, “23 तारीख को लैंडर 30 किमी की दूरी से उतरने का प्रयास करेगा और उसकी जो वेलोसिटी होगी वो 1.68 किमी प्रत्येक सेकंड होगी, हम इस दौरान काफी सावधानीपूर्वक सबकुछ करने वाले हैं।”
चांद की कक्षा में चंद्रयान-2 ने किया चंद्रयान-3 का स्वागत
इसरो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर पोस्ट कर बताया कि चंद्रयान-3 का स्वागत चंद्रयान-2 ने किया है। इसरो ने बताया कि चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर से चंद्रयान-3 संपर्क साधने में सफल हुआ है। वहीं इसरो ने बताया कि 23 अगस्त को होने वाली लैंडिंग का सीधा प्रसारण 5 बजकर 20 मिनट से इसरो के वेबसाइट और यूट्यूब चैनल पर शुरू किया जाएगा।