किरण बेदी ने भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन कर ली है। उनके भाजपा में प्रवेश की घोषणा पार्टी के मुख्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने की। इस अवसर पर वित्त मंत्री अरुण जेटली और अन्य लोग मौजूद थे।
अमित शाह और जेटली ने कहा कि बेदी क्रूसेडर की भूमिका निभाती रही हैं और वह हमेशा मूल्यों के लिए लड़ती रही हैं। जेटली ने कहा कि भाजपा की कोशिश हमेशा समाज के ऐसे लोगों को पार्टी में लाने की रही है, जिनकी अपनी एक विश्वसनीयता रही है।
मुख्यमंत्री के रूप में बेदी को प्रोजेक्ट करने के सवाल पर शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में बेदी के नाम की घोषणा इस समय नहीं की जा सकती है, बल्कि इसपर पार्टी के संसदीय बोर्ड में विचार विमर्श किया जाएगा और फिर किसी नाम की घोषणा की जा सकती है। बेदी ने अपने संबोधन में कहा कि वह अपने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की काफी आभारी हैं।
Tweets about Former IPS
बेदी ने कहा कि मोदी प्रेरणादायक व्यक्तित्व हैं और उनके नेतृत्व में देश और समाज आगे बढ़ेगा। बेदी ने कहा कि मैं हमेशा चाहती थी कि खुद को समाज सेवा के लिए समर्पित करें, लेकिन आज वह मोदी के नेतृत्व में पार्टी में शामिल होने के लिए मजबूर हुई हैं और अब पार्टी के जरिए देश सेवा के काम को आगे बढ़ाएंगी। बेदी ने कहा कि मैं जेटली और शाह की भी आभारी हूं। उन्होंने बताया कि उनकी संस्था बच्चों और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम कर रही हैं।
पूर्व आईपीएस अधिकारी ने कहा कि उन्होंने एक शिक्षक के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी और फिर वह आईपीएस अधिकारी बनीं। उनके पास चालीस साल का प्रशासनिक अनुभव है और अब ये अनुभव भाजपा और देश के काम आएंगे। गौरतलब है कि बेदी भारत की पहली महिला पुलिस आईपीएस अधिकारी हैं। इससे पहले उन्होंने स्वेच्छा से सेवानिवृत्ति लेने के बाद समाज सेवा का निर्णय लिया। बेदी ने 1972 में पुलिस सेवा ज्वाइन की थी। 27 नवंबर 2007 में बेदी ने सेवानिवृत्ति ली थी।
लोकपाल बिल को लेकर हुए आंदोलन में उन्होंने समाज सेवक अन्ना हजारे व अरविंद केजरीवाल के साथ जोरदार तरीके से प्रदर्शनों में हिस्सा लिया था, लेकिन कुछ समय बाद उनका मोहभंग हो गया।